Tejas Rajdhani Express: (आनंद सिंह कौशिक की रिपोर्ट) नई दिल्ली से पटना आ रही तेजस राजधानी एक्सप्रेस में एक महिला यात्री के साथ छेड़खानी का मामला सामने आया है. आरोप है कि शराब के नशे में धुत यात्री ने महिला के साथ अभद्र व्यवहार किया. महिला की शिकायत पर रेलवे पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. प्राथमिकी दर्ज करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
महिला के विरोध के बाद रेलवे अधिकारियों को दी गयी सूचना
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी और महिला दोनों तेजस राजधानी एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे थे. आरोप है कि आरोपी शराब के नशे में था और उसने महिला यात्री के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए छेड़खानी करने का प्रयास किया. महिला ने इसका विरोध किया और मामले की सूचना रेलवे अधिकारियों और पुलिस को दी. घटना की जानकारी मिलने के बाद ट्रेन में मौजूद यात्रियों के बीच भी हड़कंप मच गया. रेलवे पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की.
जांच के बाद प्राथमिकी, न्यायिक हिरासत में भेजा गया
पुलिस ने मामले की जांच की. महिला के आरोप सही पाए जाने के बाद आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गयी. इसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजते हुए जेल भेज दिया गया.
रेलवे में महिला सुरक्षा को लेकर सतर्कता
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ट्रेनों और रेलवे परिसरों में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है. यात्रियों से भी अपील की गयी है कि किसी भी तरह की आपत्तिजनक गतिविधि की जानकारी तत्काल रेलवे हेल्पलाइन या पुलिस को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके.
