Tej Pratap Yadav : पूर्व मंत्री एवं जेजेडी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल 2’ में अपनी नई पारी शुरू करने जा रहे हैं. शो में जाने से पहले प्रभात खबर से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि वे राजनीति और अपने पारिवारिक संस्कारों को साथ लेकर आगे बढ़ रहे हैं. उन्होंने कहा कि भक्ति और पूजा-पाठ उनकी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा है. यह शो के दौरान भी निरंतर जारी रहेगा.
नियमों के तहत खेलेंगे,परिवार हमेशा जीमन से जुड़ा है
अपने पिता लालू प्रसाद यादव के संघर्षों को याद करते हुए तेज प्रताप ने कहा कि उनका परिवार हमेशा जमीन से जुड़ा रहा है, इसलिए उन्हें बेसमेंट में रहने या मेहनत करने में कोई हिचकिचाहट नहीं है. शो के अन्य प्रतिभागियों से मुकाबले पर उन्होंने कहा कि वे वहां किसी से कुश्ती लड़ने नहीं, बल्कि नियमों के तहत खेल खेलने जा रहे हैं.
पेंटहाउस में देंगे गीता का उपदेश, साथ लेकर जाएंगे बांसुरी
राइज एंड फॉल 2’ में अपनी रणनीति पर बात करते हुए तेज प्रताप यादव ने कहा कि यदि उन्हें पेंटहाउस में रहने का अवसर मिलता है, तो वे वहां दरबार भी लगाएंगे और अन्य प्रतिभागियों को श्रीमद्भगवद्गीता का उपदेश देंगे. इसके साथ ही वे अपने साथ बांसुरी भी लेकर जा रहे हैं, ताकि माहौल में थोड़ा संगीत व मनोरंजन भी बना रहे. सह-प्रतिभागियों के मन में अपने प्रभाव को लेकर उन्होंने कहा कि ‘डर के आगे जीत है’. उन्होंने बताया कि प्रतियोगी शहजाद पूनावाला से उनकी पुरानी पहचान है और वे सभी प्रतिभागियों के साथ मिलकर खेलेंगे.
लालू यादव भी कर चुके हैं एक्टिंग, फिल्मों का ऑफर मिला तो करेंगे
अभिनय के प्रति अपनी रुचि पर बात करते हुए तेज प्रताप ने बताया कि उनके पिता लालू प्रसाद यादव ने भी अपने दौर में ‘महुआ’ नामक भोजपुरी फिल्म में अभिनय किया था और अपने छात्र जीवन में कई नाटक भी किए थे. फिल्म की शूटिंग इको पार्क में भी शूट हुई थी. उन्होंने बताया कि बचपन से ही उनका सपना अभिनय के क्षेत्र में जाने का था, जो अब इस शो के जरिए पूरा हो रहा है. भविष्य में फिल्मों या ओटीटी प्लेटफॉर्म पर काम करने को लेकर उन्होंने कहा कि अगर कोई अच्छा अवसर मिलेगा तो वे उसे सहर्ष स्वीकार करेंगे.
इसे भी पढ़ें: बंगाल से पटना आया खास पत्ता, इसी से सज रहा डाकबंगला का दुर्गा पूजा पंडाल
