पटना से आनंद सिंह कौशिक की रिपोर्ट
Patna Crime News : पटना जिले के कंकड़बाग थाना क्षेत्र स्थित राधा कृष्ण बॉयज हॉस्टल के कमरे में बुधवार को एक युवक की संदिग्ध स्थिति में शव मिलने से सनसनी फैल गयी.घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची. एफएसएल ने कमरे से कई साक्ष्य एकत्रित किये हैं.
मृतक का फोन जब्त, जांच जारी
पुलिस ने छात्र का मोबाइल जब्त कर लिया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी. वहीं मृतक के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे पुलिस द्वारा वाकायदा वीडियोग्राफी कर तोड़ा गया.
जेइ का तैयारी करने चार माह पहले आया था हॉस्टल
मृतक मूल रूप से महुआ का रहने वाला था और पिछले करीब चार महीने से कंकड़बाग स्थित राधा कृष्ण बॉयज हॉस्टल में रहकर एलेन क्लास के माध्यम से जेइ की तैयारी कर रहा था.
परिजनों के अनुसार, मंगलवार रात करीब 10:30 बजे युवक से फोन पर बात हुई थी. उस समय वह सामान्य था और किसी तरह की परेशानी की बात नहीं बतायी थी. बुधवार करीब 11:30 बजे हॉस्टल से परिजनों को फोन कर बताया गया कि युवक कमरे में पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली है.
पिता ने लगाया हत्या करने का आरोप
पिता ने हॉस्टल संचालक समेत दो पर किया केस हॉस्टल पहुंचने पर परिजनों ने कमरे का दरवाजा टूटा हुआ देखा. मृतक के पिता का आरोप है कि मृतक का पैर पूरी तरह जमीन से सटा हुआ था. इसी आधार पर उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए हॉस्टल संचालक और दूसरे रूममेट के खिलाफ कंकड़बाग थाने में शिकायत दी है.
पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही
कंकड़बाग थानेदार अभय कुमार ने बताया कि छात्र का शव फंदे से लटका मिला है. परिजनों ने हॉस्टल संचालक और दूसरे रूममेट पर हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी.
