Patna University News: पटना विश्वविद्यालय के साइंस कॉलेज स्थित हॉस्टल में शनिवार की दोपहर पानी पीने को लेकर छात्रों के दो गुट आपस में भिड़ गये. दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई. इस दौरान लात-घूंसे चलने से एक छात्र का सिर फट गया. घटना झंडोत्तोलन के बाद नाश्ते के दौरान हुई.
पानी पीने को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, झंडोत्तोलन कार्यक्रम के बाद छात्र नाश्ता कर रहे थे. इसी दौरान पानी पीने को लेकर छात्रों के दो गुटों के बीच विवाद शुरू हो गया. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के छात्र आपस में मारपीट करने लगे. मारपीट के दौरान एक छात्र के सिर में चोट लग गयी और उसका सिर फट गया.
पुलिस ने आठ छात्रों को हिरासत में लिया
मारपीट की सूचना मिलने पर पीरबहोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों पक्षों के आठ छात्रों को हिरासत में लिया और सभी को थाने लेकर गयी. वहां पुलिस ने छात्रों से घटना को लेकर पूछताछ की.
एफआईआर से किया इनकार, पीआर बांड पर छोड़े गये छात्र
पूछताछ के बाद घायल छात्र के पक्ष ने घटना को लेकर प्राथमिकी दर्ज कराने से इनकार कर दिया. इसके बाद पुलिस ने हिरासत में लिये गये सभी आठ छात्रों को पीआर बांड पर छोड़ दिया.
पीरबहोर थानेदार राजकुमार सिंह ने बताया कि छात्रों के बीच पानी को लेकर विवाद और मारपीट हुई थी. मामले में किसी भी पक्ष की ओर से एफआईआर दर्ज नहीं करायी गयी है. हिरासत में लिये गये छात्रों को बाद में छोड़ दिया गया.
Also Read: शराबबंदी को लेकर तेजस्वी यादव का सरकार पर तंज, बोले- बिहार में मिल रही हर ब्रांड की शराब
