Patna News : पटना में सावन की हरियाली, संस्कृति और आपसी सौहार्द का संदेश देते हुए संवेदना की ओर से ‘सावन आया झूम के हर-हर महादेव - सावन मिलन’ समारोह का आयोजन किया गया. सगुना मोड़, खगौल रोड स्थित स्टेप अप में आयोजित कार्यक्रम में कला, संगीत, नृत्य और मनोरंजन का शानदार संगम देखने को मिला.
गणेश वंदना से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री संजय कुमार सिंह, विधान परिषद सदस्य अनामिका सिंह पटेल, विधायक संजीव चौरसिया, नगर निगम महापौर सीता साहू, उपमहापौर रश्मि कुमारी, लोकगायिका रेखा झा, कंसल्टेंट एवं आयुर्वेदिक एक्यूप्रेशर विशेषज्ञ डॉ. श्रीपति त्रिपाठी, गायक आलोक कुमार सिन्हा, सात्विका के निदेशक केशव वर्मा और कार्यक्रम संयोजक शालिनी सिन्हा ने संयुक्त रूप से किया. समारोह में डॉ. शिखा, रत्ना पुरकायस्थ, नूपुर सहाय, उर्वशी, नीतू, रीना, राकेश श्रीवास्तव, सुजय, राकेश मिश्रा और बाबलू समेत सामाजिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े कई लोगों ने भी भाग लिया.
शिव तांडव की प्रस्तुति ने मोहा मन
कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना से हुई. इसके बाद शिव तांडव की मनमोहक प्रस्तुति ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया. प्रतिभागियों ने ग्रुप डांस के माध्यम से सावन और भारतीय लोक संस्कृति की खूबसूरत झलक प्रस्तुत की.
सावन क्वीन प्रतियोगिता बनी आकर्षण का केंद्र
समारोह में सावन क्वीन प्रतियोगिता आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही. प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और सावन की पारंपरिक थीम को खूबसूरती के साथ प्रस्तुत किया. महिलाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मंच उपलब्ध कराया गया.
फन गेम्स और म्यूजिकल चेयर में खूब मस्ती
कार्यक्रम के दौरान म्यूजिकल चेयर, फन गेम्स और विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया. अतिथियों और प्रतिभागियों ने इन गतिविधियों में उत्साह के साथ हिस्सा लिया. सावन के गीत-संगीत, नृत्य और उल्लास से पूरा वातावरण सराबोर रहा.
सावन प्रकृति, संस्कृति और मिलन का उत्सव
कार्यक्रम संयोजिका शालिनी सिन्हा ने कहा कि सावन केवल आस्था और भक्ति का पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति, संस्कृति और आपसी मिलन का भी उत्सव है. सावन मिलन के माध्यम से लोगों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ते हुए एक-दूसरे के साथ खुशियां साझा करने का प्रयास किया गया है. आयोजन में महिलाओं की प्रतिभा, संगीत, नृत्य और मनोरंजन को एक मंच देने की कोशिश की गई. समारोह में बड़ी संख्या में महिलाएं और शहर के गणमान्य लोग शामिल हुए. सभी ने सावन मिलन के रंग में रंगते हुए कार्यक्रम का आनंद लिया.
