गयाजी में सीएम नीतीश ने सम्राट चौधरी के कंधे पर फिर रखा हाथ, बोले- बिहार बहुत आगे बढ़ेगा

Samriddhi Yatra: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गयाजी को 744 करोड़ रुपए का गिफ्ट दिया. इस दौरान जनसंवाद कार्यक्रम के बीच सीएम नीतीश ने एक बार फिर डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के कंधे पर हाथ रखा, जिसके बाद चर्चा ने फिर जोर पकड़ लिया है.

Samriddhi Yatra: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज (शुक्रवार) को गयाजी जिले में पहुंचे. यहां उन्होंने 377 करोड़ से 140 योजनाओं का शिलान्यास और 367 करोड़ से 553 योजनाओं का उद्घाटन किया. इसके साथ ही जीविका दीदियों की तरफ से लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण भी किया. इस दौरान वे जनसंवाद कार्यक्रम में भी शामिल हुए.

जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विकास कार्यों को गिनाया. इसके साथ ही लालू-राबड़ी शासनकाल पर जमकर हमला भी बोला. सीएम नीतीश ने कहा, पहले की सरकार ने महिलाओं के लिए कोई काम नहीं किया. इसके अलावा भी उन्होंने कई खामियों को गिनाया.

सम्राट चौधरी के कंधे पर फिर रखा हाथ

गयाजी में सीएम नीतीश मंच से लोगों को संबोधित करने के दौरान बीच में ही सम्राट चौधरी के पास गए. इस दौरान उन्होंने डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के कंधे पर हाथ रखा. साथ ही वहां मौजूद लोगों से हाथ उठाने और समर्थन करने की अपील की. इसके बाद सीएम नीतीश ने कहा, बिहार बहुत आगे बढ़ेगा. जनता से सीएम नीतीश ने कहा, ‘आप हाथ उठाइए, मैं आपको बधाई देता हूं.’

इससे पहले भी समृद्धि यात्रा के दौरान कई बार डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के कंधे पर सीएम नीतीश ने हाथ रखा. जिसके बाद से यह चर्चा तेज है कि सम्राट चौधरी बिहार के नए मुख्यमंत्री हो सकते हैं. लेकिन जेडीयू, बीजेपी या फिर एनडीए के किसी भी नेता की तरफ से आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी नहीं दी गई है.

एनडीए के नेताओं ने क्या कहा?

बिहार सरकार के लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के मंत्री और लोजपा (रामविलास) पार्टी के विधायक संजय सिंह ने बिहार की राजनीति में सम्राट मॉडल चलने की चर्चा पर अपना समर्थन करते हुए कहा, सम्राट मॉडल का नतीजा है बिहार से अपराधी भाग रहे हैं. राज्य में अपराध कम हो चुका है. अपराधियों को सम्राट मॉडल पसंद नहीं आ रहा इसलिए वह बिहार छोड़ रहे हैं.

दूसरी तरफ जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने कानून के संदर्भ में ही सम्राट मॉडल की चर्चा की. उन्होंने कहा, नीतीश मॉडल के अलावा बिहार में कोई भी एजेंडा नहीं है. उसको कोई और मॉडल से मत जोड़िए. बिहार में सिर्फ एक मॉडल है और वह है नीतीश मॉडल.

Also Read: बिहार में अगले 48 घंटे में बदलेगा मौसम, तेज बारिश के साथ आंधी-तूफान की चेतावनी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Preeti Dayal

डिजिटल जर्नलिज्म में 3 साल का अनुभव. डिजिटल मीडिया से जुड़े टूल्स और टेकनिक को सीखने की लगन है. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं. बिहार की राजनीति और देश-दुनिया की घटनाओं में रुचि रखती हूं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >