दिल्ली में अमित शाह समेत इन NDA नेताओं से मिले सम्राट चौधरी, अब जल्द होगा बिहार कैबिनेट का विस्तार

Bihar Cabinet Expansion: बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाओं के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अमित शाह समेत कई केंद्रीय नेताओं से मुलाकात की. इन बैठकों को बिहार कैबिनेट विस्तार से जोड़कर देखा जा रहा है

Bihar Cabinet Expansion: बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर सरगर्मियां तेज हैं. इसी सिलसिले में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दिल्ली पहुंचे और कई बड़े नेताओं से मिले. रविवार को उन्होंने अमित शाह से लेकर एनडीए के कई दिग्गज नेताओं से मुलाकात की.

दिल्ली में मुलाकातों का दौर

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की और इसकी जानकारी सोशल मीडिया पर साझा की. इसके अलावा उन्होंने बिहार एनडीए के बड़े चेहरों जीतन राम मांझी, ललन सिंह और नित्यानंद राय से भी भेंट की. इन बैठकों की तस्वीरें शेयर करते हुए उन्होंने बिहार के भविष्य और विकास पर चर्चा की बात कही.

नित्यानंद राय के साथ हुई मुलाकात को मुख्यमंत्री ने काफी सकारात्मक बताया. उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत और समृद्ध बिहार’ के लक्ष्य को पाने के लिए यह चर्चा बहुत जरूरी थी. ललन सिंह के साथ बैठक में बिहार के विकास से जुड़े मुद्दों और आपस में तालमेल बिठाकर काम करने पर विचार किया गया. जीतन राम मांझी के साथ हुई बातचीत को उन्होंने एक शिष्टाचार भेंट बताया.

मंत्रिमंडल विस्तार की तैयारी

सम्राट चौधरी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से भी मुलाकात की है. सूत्रों का कहना है कि वे जल्द ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और अन्य वरिष्ठ नेताओं से भी मिल सकते हैं. माना जा रहा है कि इन सभी बैठकों का मुख्य एजेंडा बिहार की नई कैबिनेट के मंत्रियों के नामों को अंतिम रूप देना है.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

नई टीम का सबको इंतजार

बिहार में नई सरकार बनने के बाद अब तक मंत्रिमंडल का विस्तार नहीं हुआ है. 15 अप्रैल को सम्राट चौधरी ने राज्य के पहले भाजपा मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी. फिलहाल उनके साथ दो उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव ही काम संभाल रहे हैं. दिल्ली के इस दौरे के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि बहुत जल्द बिहार को अपनी नई कैबिनेट मिल जाएगी.

इसे भी पढ़ें: बिहार कैबिनेट विस्तार का काउंटडाउन शुरू, राम कृपाल यादव बोले- अब और समय नहीं लगेगा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Paritosh Shahi

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >