एमएलसी चुनाव के बाद बिहार राजद में होगा बदलाव, तेजस्वी और लालू करेंगे नए प्रदेश चीफ का ऐलान

RJD New Bihar Chief: बिहार में राजद संगठन में जल्द बड़े बदलाव देखने को मिल सकता है. विधान परिषद चुनाव के बाद नई प्रदेश कमेटी के गठन की तैयारी चल रही है. प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल की खराब सेहत को देखते हुए नए कार्यकारी अध्यक्ष की नियुक्ति पर मंथन तेज हो गया है.

RJD New Bihar Chief: राष्ट्रीय जनता दल का बिहार प्रदेश संगठन जल्द ही एक नए कलेवर में नजर आने वाला है. एमएलसी चुनाव की प्रक्रिया संपन्न होने के ठीक बाद पार्टी की नई प्रदेश कमेटी की घोषणा होने की पूरी संभावना जताई जा रही है. आरजेडी के मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल पिछले कुछ समय से लगातार अस्वस्थ चल रहे हैं. इस वजह से वो बहुत कम एक्टिव रह पा रहे हैं. इसी वजह से अब राजद नेतृत्व उनके सहयोग के लिए या फिर उनकी जगह एक नए कार्यकारी अध्यक्ष की नियुक्ति करने पर विचार कर रहा है.

कार्यकारी अध्यक्ष पद की रेस में शामिल हैं राजद के ये 5 दिग्गज चेहरे

पार्टी के भीतर नए कार्यकारी अध्यक्ष पद को लेकर मंथन का दौर अब बेहद तेज हो गया है. इस सांगठनिक जिम्मेदारी के लिए फिलहाल पांच नेताओं के नामों की चर्चा सियासी गलियारों में सबसे ज्यादा हो रही है.

इस लिस्ट में पहला नाम कुमार सर्वजीत का है, जो बोधगया से विधायक हैं और पार्टी का बड़ा दलित चेहरा माने जाते हैं. दूसरा नाम आलोक मेहता का है, जो उजियारपुर के विधायक और पार्टी के काफी वरिष्ठ नेता हैं.

इनके अलावा पूर्व मंत्री और राजद के कद्दावर नेता शिवचंद्र राम, बक्सर के सांसद वक्ता सुधाकर सिंह और राजद के वरिष्ठ एमएलसी सुनील कुमार सिंह के नाम की भी चर्चा है.

लालू और तेजस्वी यादव की अंतिम सहमति के बाद ही होगा फैसला

सियासी चर्चाओं में कई बड़े नाम तैर रहे हैं, लेकिन अभी तक किसी भी एक नाम पर अंतिम सहमति या मुहर नहीं लग पाई है. पार्टी सूत्रों के मुताबिक, राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव की आपसी सहमति के बाद ही अंतिम नाम पर फैसला लिया जाएगा. राजद के शीर्ष नेतृत्व की हरी झंडी मिलते ही किसी भी दिन नए कार्यकारी अध्यक्ष के नाम की आधिकारिक घोषणा मीडिया के सामने कर दी जाएगी.

खराब स्वास्थ्य की वजह से थमा है संगठन की नई कमेटी का काम

मंगनी लाल मंडल 25 जून 2025 को राजद के बिहार प्रदेश अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुए थे. पद संभालने के कुछ समय बाद से ही वे लगातार अस्वस्थ रहने लगे. खराब स्वास्थ्य के चलते वे संगठन के दैनिक कार्यों और पार्टी के बड़े कार्यक्रमों को पूरा समय नहीं दे पा रहे हैं.

स्थिति यह है कि निर्वाचित होने के इतने महीनों बाद भी वे अब तक अपनी पूरी प्रदेश कमेटी का विधिवत गठन भी नहीं कर पाए हैं, जिससे संगठन का कामकाज काफी प्रभावित हो रहा है.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

एमएलसी चुनाव खत्म होते ही सूची होगी जारी

राजद के बड़े रणनीतिकारों का मानना है कि वर्तमान में चल रहे विधान परिषद (MLC) चुनाव के दौरान किसी भी बड़े बदलाव से बचा जाए ताकि चुनावों पर कोई असर न पड़े. जैसे ही एमएलसी चुनाव की पूरी प्रक्रिया समाप्त हो जाएगी, ठीक उसके बाद पार्टी नए कार्यकारी अध्यक्ष को कमान सौंपने के साथ ही पूरी प्रदेश कमेटी की सूची भी जारी कर देगी.

इसे भी पढ़ें: यूरोप ट्रिप से लेकर महंगे गिफ्ट तक, टेंडर घोटाला मामले में एक्शन, IAS योगेश और अभिलाषा सस्पेंड

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Paritosh shahi

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >