पटना विश्वविद्यालय में छात्र संघ चुनाव 28 फरवरी को होगा. विश्वविद्यालय ने चुनाव के दिन वोट करने वाले विद्यार्थियों को क्लास में अतिरिक्त चार से पांच दिन के अटेंडेंस का लाभ देने का निर्णय लिया है. विश्वविद्यालय ने यह निर्णय चुनाव में वोट प्रतिशत बढ़ाने के लिए लिया है. इसके लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी कॉलेजों और विभागों को अपने स्तर पर चुनाव में वोट करने वाले विद्यार्थियों को कक्षाओं में चार से पांच एक्सट्रा अटेंडेंस का लाभ देने के लिए निर्देशित किया है. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी डॉ शंकर कुमार ने बताया कि कॉलेजों और विभागों को विद्यार्थियों को यह लाभ देने के लिए प्रत्येक वर्ष कहा जाता है ताकि चुनाव में विद्यार्थियों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित हो. विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी काॅलेजों को निर्देशित किया है कि चुनाव संपन्न होते तक किसी बाहरी व्यक्ति को कैंपस में प्रवेश नहीं दिया जायेगा. कैंपस में प्रवेश देने से उनको पहचान पत्र दिखाना होगा. विद्यार्थियों को हमेशा अपने पास पहचान रखने का निर्देश दिया गया है.
हॉस्टल आवंटित छात्र गेस्ट को ठहरा नहीं सकते
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी हॉस्टल अधीक्षक को पत्र लिख कर कहा है कि हॉस्टल में रहने वाले विद्यार्थी अपना पहचान पत्र और आवंटित रूम की रसीद अपने पास रखेंगे, ताकि पुलिस प्रशासन द्वारा हॉस्टल में छापेमारी के दौरान अपनी पहचान प्रस्तुत कर सकें. इसके साथ ही यह हिदायत दी गयी है कि चुनाव के दौरान हॉस्टल के रूम में किसी भी बाहरी आगंतुक या गेस्ट को रहने की अनुमति नहीं दी जायेगी. अगर वे छापेमारी के दौरान पकड़े जाते हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जायेगी.
17 फरवरी तक सभी विद्यार्थियों को पहचान पत्र उपलब्ध करायेंगे कॉलेज
विश्वविद्यालय ने सभी कॉलेजों को निर्देशित किया है कि वे 17 फरवरी तक उनके यहां एनरॉल्ड सभी विद्यार्थियों को पहचान पत्र उपलब्ध कराएं और इसकी सूचना संबंधित विभाग को देना सुनिश्चित करेंगे. पहचान पत्र नहीं बनने की स्थिति में कॉलेज एक फॉर्मेट तैयार कर छात्र के फोटो के साथ उसे भर कर संबंधित अधिकारी का हस्ताक्षर व मोहर लगवाएं. पहचान पत्र नहीं होने की स्थिति छात्र चुनाव के दौरान यह फॉर्मेट अपने अपने पास रखेंगे. इस फॉर्मेट के आधार पर छात्रों को वोट देने का अधिकार होगा.
आज जारी होगी फाइनल मतदाता सूची
चीफ इलेक्शन ऑफिसर डॉ शंकर कुमार ने बताया कि छात्र संघ चुनाव के लिए 10 फरवरी को फाइनल मतदाता सूची जारी की जायेगी. छह फरवरी को प्रारूप मतदाता सूची जारी की गयी थी. इस पर 9 फरवरी तक आपत्ति दर्ज करने और नाम जुड़वाने के लिए समय दिया गया था. 11 फरवरी से नॉमिनेशन फार्म की बिक्री प्रारंभ होगी. नॉमिनेशन फार्म की कीमत 50 रुपये है. उम्मीदवार को नोमिनेशन फॉर्म के साथ चुनाव से संबंधित एक निशुल्क मागर्दशक पुस्तिका उपलब्ध कराया जायेगा. जिसमें चुनाव से संबंधित नियम को पालने करने का निर्देश दिया गया है.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.