पटना में रातोंरात शिव मंदिर के गुंबद से गायब हुआ कीमती कलश, सुबह पूजा करने पहुंचे श्रद्धालुओं के उड़े होश

पटना जिला के दुल्हिन बाजार थाना क्षेत्र में एक प्राचीन शिव मंदिर से लाखों रुपये के कीमती कलश की चोरी से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया है. अज्ञात चोरों ने रात के अंधेरे में वारदात को अंजाम दिया. सुबह पूजा के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं ने कलश गायब देखा तो सन्न रह गए.

Patna News : पटना जिला के दुल्हिन बाजार थाना क्षेत्र के भरतपुरा गांव स्थित प्राचीन शिव मंदिर में मंगलवार की रात चोरी की घटना से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया. अज्ञात चोर मंदिर के गुंबद पर स्थापित कलश को चोरी कर फरार हो गये. बुधवार की सुबह पूजा और शिवलिंग का जलाभिषेक करने पहुंचे श्रद्धालुओं ने कलश गायब देखा, जिसके बाद मंदिर परिसर में ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी.

रात के अंधेरे में मंदिर के गुंबद पर चढ़े चोर

जानकारी के अनुसार भरतपुरा गांव में प्राचीन शिव मंदिर स्थित है. यहां ग्रामीणों के साथ उलार अलीपुर निवासी मंजेश मिश्रा प्रतिदिन पूजा-पाठ करते हैं. मंगलवार की शाम के बाद आसपास के लोग अपने घर चले गये. इसी दौरान रात में अज्ञात चोरों ने मंदिर के गुंबद पर स्थापित कलश को चोरी कर लिया और मौके से फरार हो गये.

सुबह पूजा करने पहुंचे तो गायब मिला कलश

बुधवार की सुबह ग्रामीण श्रद्धालु मंदिर में शिवलिंग का जलाभिषेक और पूजा करने पहुंचे. इसी दौरान उनकी नजर गुंबद पर गयी तो वहां से कलश गायब था. चोरी की जानकारी फैलते ही मंदिर परिसर में ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी. घटना को लेकर लोगों में नाराजगी देखी गयी.

लाखों रुपये का बताया जा रहा कलश

ग्रामीणों का कहना है कि मंदिर का गुंबद और उस पर स्थापित कलश कीमती धातु से बना था. स्थानीय लोगों के अनुमान के अनुसार चोरी हुए कलश की कीमत लाखों रुपये बतायी जा रही है. हालांकि कलश किस धातु का था और उसकी वास्तविक कीमत कितनी है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

पुलिस जांच में जुटी, थाने का सरकारी नंबर बंद

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है. पुलिस चोरों का पता लगाने के लिए आसपास के इलाकों की जानकारी जुटा रही है. वहीं, मामले में दुल्हिन बाजार थाना की सरकारी मोबाइल संख्या पर जानकारी लेने के लिए फोन किया गया, लेकिन नंबर बंद पाया गया.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By वेद प्रकाश

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >