Patna News : पटना पीएमसीएच में डेंगू, मलेरिया, टाइफाइड, निमोनिया समेत अन्य बीमारियों से पीड़ित मरीजों को अब बेड के लिए भटकना नहीं पड़ेगा. अस्पताल में मेडिसिन विभाग के बेडों की संख्या बढ़ा दी गयी है. पहले यहां 60 बेड की व्यवस्था थी, जिसे बढ़ाकर अब 105 कर दिया गया है.
इमरजेंसी में 95 बेड की होगी व्यवस्था
मेडिसिन विभाग के इमरजेंसी वार्ड में भी बेडों की संख्या बढ़ायी गयी है. अभी इमरजेंसी में 45 बेड हैं, जिसे बढ़ाकर 95 किया जा रहा है. इसकी शुरुआत 25 सितंबर से होगी. इससे गंभीर स्थिति में आने वाले मरीजों को तत्काल भर्ती कराने में सहूलियत होगी.
रोजाना 150 से अधिक गंभीर मरीज पहुंचते हैं
पीएमसीएच के अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मेडिसिन विभाग में बेडों की संख्या बढ़ायी गयी है, क्योंकि अस्पताल में सबसे अधिक मरीज इसी विभाग में आते हैं. अस्पताल के दूसरे तल्ले पर मेडिसिन विभाग को शिफ्ट किया गया है. मेडिसिन विभाग में रोजाना 150 से अधिक गंभीर मरीज पहुंचते हैं. बेड कम होने के कारण मरीजों को भर्ती कराने में परेशानी होती थी. अब 105 मरीजों को विभाग में भर्ती किया जा सकेगा. इससे मरीजों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.
नये भवन में कई विभागों का ओपीडी भी शुरू होगा
इसके अलावा सर्जरी, प्लास्टिक सर्जरी, न्यूरो और नेफ्रो समेत कई विभागों का ओपीडी भी अस्पताल के नये भवन में 25 सितंबर से शुरू हो जायेगा. इससे विभिन्न विभागों में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को भी सुविधा मिलेगी.
