Patna PMCH : पटना पीएमसीएच में कैंसर मरीजों के ऑपरेशन के साथ अब रेडियोथेरेपी (सिंकाई) की सुविधा भी उपलब्ध होने का रास्ता साफ हो गया है. इसके लिए अस्पताल में आधुनिक लीनियर एक्सीलेटर मशीन स्थापित की जायेगी. सूत्रों के अनुसार, मशीन की खरीद अब टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल के माध्यम से नहीं, बल्कि बिहार मेडिकल सर्विसेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीएमआइसीएल) खुद करेगा. मशीन की स्थापना के बाद इसके संचालन के लिए अलग से कर्मियों की नियुक्ति की जायेगी.
पहले टाटा मेमोरियल के दिशा-निर्देश पर होनी थी खरीद
पीएमसीएच में कैंसर मरीजों के इलाज की सुविधा को विस्तार देने के लिए लीनियर एक्सीलेटर मशीन खरीदने की योजना पहले से बनायी गयी थी. शुरुआत में टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल के दिशा-निर्देश के अनुसार मशीन खरीदने की बात थी. लेकिन हाल में हुई बैठकों के बाद व्यवस्था में बदलाव किया गया है. अब बीएमआइसीएल मशीन की खरीद कर उसे पीएमसीएच में उपलब्ध करायेगा.
ट्यूमर वाले हिस्से पर सीधे डाला जायेगा रेडिएशन
कैंसर रोग विशेषज्ञों के अनुसार, आधुनिक लीनियर एक्सीलेटर मशीन से ट्यूमर वाले हिस्से को लक्षित कर रेडिएशन दिया जा सकेगा. इससे आसपास की स्वस्थ कोशिकाओं पर रेडिएशन के दुष्प्रभाव को कम करने में मदद मिलेगी. मशीन के पीएमसीएच में स्थापित होने के बाद कैंसर मरीजों को रेडियोथेरेपी के लिए दूसरे संस्थानों में जाने की जरूरत काफी कम हो सकती है.
ऑपरेशन के बाद दूसरे संस्थानों का लेना पड़ता है सहारा
पीएमसीएच में ब्रेस्ट कैंसर समेत कुछ अन्य प्रकार के कैंसर के मरीजों का ऑपरेशन शुरू किया जा चुका है. फिलहाल ऑपरेशन के बाद रेडियोथेरेपी की जरूरत वाले मरीजों को निजी अस्पतालों के अलावा आइजीआइएमएस, एम्स पटना या महावीर कैंसर संस्थान जाना पड़ता है. पीएमसीएच में रेडियोथेरेपी की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ता है.
बिहार के मरीजों को मिलेगी राहत
पीएमसीएच में लीनियर एक्सीलेटर मशीन स्थापित होने के बाद कैंसर मरीजों को एक ही अस्पताल में इलाज की सुविधाएं मिलने में मदद मिलेगी. इससे बिहार के विभिन्न जिलों से पीएमसीएच आने वाले मरीजों को रेडियोथेरेपी के लिए दूसरे संस्थानों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी. मशीन के संचालन के लिए आवश्यक मानव संसाधन की नियुक्ति के बाद सुविधा शुरू करने की दिशा में आगे की प्रक्रिया पूरी की जायेगी.
