Bihar Next CM: बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर हलचल तेज हो गई है. शपथ ग्रहण समारोह से लेकर नए मुख्यमंत्री के चयन तक, हर स्तर पर तैयारियां जोरों पर हैं. अगले 24 से 48 घंटे राज्य की राजनीति के लिए बेहद अहम साबित होने वाले हैं.
राज्यपाल के सचिव गोपाल मीणा ने शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों को लेकर पटना के डीएम, एसपी, एसएसपी समेत वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अहम बैठक की. लोकभवन में हुई इस बैठक में सुरक्षा व्यवस्था और आयोजन को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए. अधिकारियों को साफ निर्देश दिया गया है कि समारोह के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रहे.
सम्राट चौधरी से हुई अहम मुलाकात
बैठक से पहले गोपाल मीणा ने डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के आवास पर जाकर उनसे करीब 30 मिनट तक बातचीत की. इस मुलाकात को सत्ता परिवर्तन की प्रक्रिया का अहम हिस्सा माना जा रहा है.
कल बैठकों का दौर, CM नाम पर लगेगी मुहर
राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हैं. बीजेपी विधायक दल की बैठक मंगलवार दोपहर 3 बजे अटल सभागार में होगी, जबकि जदयू विधायक दल की बैठक भी 3 बजे बुलाई गई है. इसके बाद NDA विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें नए मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी. बताया जा रहा है कि शाम 4 बजे शिवराज सिंह चौहान नए सीएम के नाम का ऐलान करेंगे.
15 अप्रैल को हो सकता है शपथ ग्रहण समारोह
नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 15 अप्रैल को सुबह 11 बजे लोकभवन में आयोजित किया जा सकता है. इस खास मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने की भी संभावना है, जो 14 अप्रैल की शाम पटना पहुंच सकते हैं.
नीतीश कुमार कब देंगे इस्तीफा?
सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 14 अप्रैल को दोपहर 3:30 बजे राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं. इससे पहले सुबह 11 बजे उनकी अध्यक्षता में कैबिनेट की अंतिम बैठक होगी. इसी के साथ मौजूदा सरकार का कार्यकाल समाप्त हो जाएगा और नई सरकार के गठन का रास्ता पूरी तरह साफ हो जाएगा.
Also Read: कल शाम 4 बजे हो सकता है बिहार के नए सीएम का ऐलान, NDA की बैठक में नाम पर लगेगी अंतिम मुहर
