Patna Weather Today : पटना में शनिवार सुबह मौसम को लेकर तत्काल चेतावनी जारी की गई है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के पटना केंद्र के अनुसार, जिले के कुछ हिस्सों में अगले 2 से 3 घंटे के दौरान मध्यम दर्जे की मेघ गर्जन, वज्रपात और बारिश की संभावना है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा भी चल सकती है.
इन इलाकों में ज्यादा असर की संभावना
मौसम विभाग के तत्कालिक चेतावनी के अनुसार पटना जिले के खुसरूपुर, दनियावां, दानापुर-खगौल, नौबतपुर, पटना ग्रामीण, पुनपुन, फुलवारी, बिहटा, मनेर और संपतचक प्रखंड प्रभावित क्षेत्रों में शामिल हैं. इन इलाकों में अगले कुछ घंटों के दौरान मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है.
आंधी और बिजली चमकने के दौरान रहें सावधान
गरज-चमक और तेज हवा के दौरान लोगों को खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी जाती है. मौसम खराब होने पर अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचना बेहतर होगा. बिजली चमकने के दौरान मोबाइल टावर, ऊंचे पेड़ और खुले स्थानों पर विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है.
पटना में आज कैसा रहेगा मौसम
आईएमडी के पटना एयरपोर्ट पूर्वानुमान के अनुसार, 5 सितंबर को पटना में न्यूनतम तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं और एक-दो दौर बारिश या गरज के साथ बौछार पड़ने की संभावना है.
बिहार में भी सक्रिय रहेगा मानसून
मौसम विभाग के बिहार चेतावनी बुलेटिन में 5 सितंबर को राज्य के कई हिस्सों में बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है. आने वाले दिनों में भी बिहार के कई इलाकों में मौसम सक्रिय रहने का अनुमान है.
अगले कुछ घंटे रहें सतर्क
पटना में तत्काल मौसम चेतावनी को देखते हुए लोगों को अगले कुछ घंटों के दौरान सतर्क रहने की जरूरत है. खासकर तेज हवा और वज्रपात की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर रहना और खुले इलाकों में जाने से बचना जरूरी है.
Also Read : पूजा-अर्चना से दही-हांडी तक, FDDI पटना में ऐसे मना श्रीकृष्ण जन्मोत्सव
