पटना: दो अंकों से चूके, फिर भी नहीं मानी हार; UPSC में चयनित हुए रविंद्र कुमार को बिक्रम में हुआ सम्मान

patna upsc news: पटना जिले के बिक्रम निवासी रविंद्र कुमार का UPSC CSE 2024 की सेकेंड रिजर्व लिस्ट में चयन हुआ है. उन्हें DANICS (Delhi, Andaman and Nicobar Islands Civil Service) सेवा आवंटित की गई है. दो अंकों से मुख्य चयन सूची से चूकने के बाद उनकी यह सफलता युवाओं के लिए प्रेरणादायक बनी है.

patna upsc news: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा जारी सिविल सेवा परीक्षा (CSE) 2024 की सेकेंड रिजर्व लिस्ट में चयनित होने पर बिक्रम नगर पंचायत के गगाचक निवासी रविंद्र कुमार को वार्ड पार्षद स्मिता गुप्ता ने अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया. इस अवसर पर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई.

लगातार मेहनत से हासिल की सफलता

बताया जाता है कि रविंद्र कुमार शुरू से ही मेधावी एवं मेहनती छात्र रहे हैं. उन्होंने लगातार दो वर्षों 2024 एवं 2025 में UPSC मुख्य परीक्षा (Mains) तक पहुंचकर अपनी लगन, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया. UPSC CSE 2024 के अंतिम परिणाम में सामान्य वर्ग की कटऑफ 947 अंक रही थी, जबकि रविंद्र कुमार को 945 अंक प्राप्त हुए थे. महज दो अंकों से पीछे रह जाने के कारण उनका नाम प्रारंभिक अंतिम चयन सूची में शामिल नहीं हो सका था.

दूसरी रिजर्व सूची में मिला चयन

हालांकि आयोग द्वारा जारी पहली रिजर्व सूची में भी उनका चयन नहीं हुआ, लेकिन दूसरी रिजर्व सूची जारी होने के बाद उनका नाम चयनित अभ्यर्थियों में शामिल हो गया. सेकेंड रिजर्व लिस्ट में कुल 18 अभ्यर्थियों को अवसर मिला है. रविंद्र कुमार के चयन की खबर मिलते ही परिवार, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई.

सफलता का श्रेय सेल्फ स्टडी और एआई को

रविंद्र कुमार ने अपनी सफलता का श्रेय सेल्फ स्टडी, मित्रों के सहयोग तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित अध्ययन संसाधनों के प्रभावी उपयोग को दिया है. उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी निरंतर प्रयास और सही दिशा में की गई तैयारी अंततः सफलता दिलाती है.

DANICS सेवा के लिए हुए चयनित

UPSC के माध्यम से चयनित रविंद्र कुमार को Delhi, Andaman and Nicobar Islands Civil Service सेवा आवंटित की गई है. यह केंद्र शासित प्रदेशों में प्रशासनिक जिम्मेदारियां संभालने वाली महत्वपूर्ण सिविल सेवा मानी जाती है. सेवा आवंटन के बाद उनकी प्रशिक्षण प्रक्रिया भी जल्द शुरू होगी. उन्हें नई दिल्ली स्थित UTCS Training Institute में प्रशासन, कानून, लोक नीति, वित्तीय प्रबंधन एवं सुशासन से संबंधित प्रशिक्षण दिया जाएगा.

युवाओं के लिए बने प्रेरणास्रोत

रविंद्र कुमार की सफलता उन अभ्यर्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है, जो मामूली अंतर से सफलता से वंचित रह जाते हैं. उनकी उपलब्धि यह संदेश देती है कि धैर्य, निरंतर प्रयास और आत्मविश्वास के बल पर सफलता हासिल की जा सकती है.

इसे भी पढ़ें: बिहार में आस्था का नया केंद्र: 26 जून को 108 फीट अर्धनारीश्वर प्रतिमा का होगा प्राण प्रतिष्ठा, कलश यात्रा के साथ महायज्ञ शुरू

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Nikhil Anurag

मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर पलायन कर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट ( माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय). नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है. नोएडा में टीवी न्यूज में काम करने के बाद हिंदुस्तान ग्रूप होते हुए बिहार, झारखंड की सबसे पसंदीदा अखबार प्रभात खबर में कार्यरत. हां एक बात और... पढ़ने-लिखने की जिज्ञासा कभी खत्म नहीं होगी. साहित्य में बेहद दिलचस्पी.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >