Patna News : राजधानी पटना के बुद्ध मार्ग स्थित इस्कॉन मंदिर के आसपास लगातार लग रहे जाम से निपटने के लिए ट्रैफिक पुलिस की ओर से कार्रवाई जारी है. वाहनों पर जुर्माना लगाने और नो-पार्किंग में खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई के बावजूद इलाके में जाम की समस्या बनी हुई है. इसी को लेकर बुधवार को ट्रैफिक एसपी सागर कुमार ने खुद इस्कॉन मंदिर के पास पहुंचकर यातायात व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया.
ड्यूटी से गायब मिले दो गृहरक्षक
निरीक्षण के दौरान ट्रैफिक एसपी ने मंदिर परिसर और आसपास तैनात यातायात अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों की ड्यूटी की समीक्षा की. इसी दौरान दो गृहरक्षक अपनी ड्यूटी से गायब मिले. मामले को गंभीरता से लेते हुए ट्रैफिक एसपी ने दोनों गृहरक्षकों से स्पष्टीकरण मांगा है.
अधिकारियों के अनुसार, दोनों गृहरक्षकों से जवाब मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. यदि उनका स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया गया तो उनके खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है.
नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर सख्ती
निरीक्षण के दौरान ट्रैफिक एसपी ने इस्कॉन मंदिर के आसपास नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया. उन्होंने ऐसे वाहनों को क्रेन की मदद से हटाने और वाहन चालकों से जुर्माना वसूलने को कहा.
जाम से निपटने के लिए पुलिसकर्मियों को निर्देश
ट्रैफिक एसपी ने मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों को सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता के साथ काम करें. इस्कॉन मंदिर के आसपास बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और वाहनों की आवाजाही को देखते हुए पुलिस की ओर से यातायात व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखने और जाम की स्थिति उत्पन्न नहीं होने देने के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया गया है.
