Patna News : खगौल में बिहार बंद को लेकर शनिवार को दानापुर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही. रेल पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल ने दो मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च निकाला. हालांकि बंद का असर नगर में नहीं दिखा और स्कूल, कॉलेज, दुकानें, बस, ऑटो तथा निजी वाहनों का परिचालन सामान्य रहा.
स्टेशन परिसर में चला सघन जांच अभियान
फ्लैग मार्च के दौरान स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, प्रवेश एवं निकास द्वार, टिकट काउंटर, सर्कुलेटिंग एरिया तथा आसपास के संवेदनशील स्थानों पर सघन जांच अभियान चलाया गया. यात्रियों के सामान की जांच के साथ संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखी गई.
अतिरिक्त पुलिस बल की रही तैनाती
रेल डीएसपी कंचन राज ने बताया कि छात्र आंदोलन को देखते हुए किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. स्टेशन परिसर में महिला एवं पुरुष पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती की गई है और लगातार गश्त की जा रही है.
खगौल शहर में भी सुरक्षा बढ़ाई गई
वहीं खगौल पुलिस ने मोती चौक, डीआरएम चौराहा, खगौल लख, चक्रदहा मोड़, गाड़ीखाना समेत अन्य प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी. पुलिस लगातार गश्त कर विधि-व्यवस्था पर नजर बनाए रही.
