पटना: ट्रेनों में चोरी की तीन घटनाएं, यात्रियों के लैपटॉप, गहने और नकदी पर हाथ साफ

राजधानी एक्सप्रेस, गरीब रथ और पटना-कोटा एक्सप्रेस में हुई अलग-अलग घटनाओं में यात्रियों को भारी नुकसान हुआ है. चोरों ने लैपटॉप, गहने और नकदी पार कर दी. जीआरपी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Patna News : राजधानी की ट्रेनों में सक्रिय चोरों ने अलग-अलग घटनाओं में तीन रेल यात्रियों के लैपटॉप, गहने, नकदी और अन्य सामान की चोरी कर ली. सभी पीड़ितों की शिकायत पर पटना जंक्शन जीआरपी ने मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

राजधानी एक्सप्रेस से लैपटॉप बैग चोरी

नई दिल्ली निवासी मो. हमदान अख्तर पटना जंक्शन के प्लेटफॉर्म पर खड़ी तेजस राजधानी एक्सप्रेस में अपनी सीट पर बैग रखकर शौचालय गए थे. करीब पांच मिनट बाद लौटने पर उनका बैग गायब मिला. बैग में लैपटॉप, क्रेडिट कार्ड, 800 रुपये नकद और अन्य जरूरी सामान था. उन्होंने पटना जंक्शन रेल थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है.

गरीब रथ में महिला यात्री का पर्स गायब

आरा के बिहिया निवासी निशु कुमारी का पर्स गरीब रथ एक्सप्रेस में चोरी हो गया. वह अपने पति के साथ पटना से आरा जा रही थीं. यात्रा के दौरान उन्हें नींद आ गई, इसी बीच किसी ने उनका पर्स चोरी कर लिया. पर्स में एक कीपैड मोबाइल फोन, चांदी की पायल और 500 रुपये नकद थे. घटना पटना जंक्शन के आसपास की बताई जा रही है.

इसे भी पढ़ें : पटना में हत्या करने पहुंचे सुपारी किलर, फायरिंग के बाद भीड़ ने दो को दबोचा; पिटाई से एक की मौत, दूसरे की हालत नाजुक

पटना-कोटा एक्सप्रेस से लैपटॉप उड़ाया

बक्सर जिले के सिमरी निवासी चंदन कुमार का लैपटॉप बैग पटना-कोटा एक्सप्रेस से चोरी हो गया. वह पटना से बक्सर जा रहे थे. पटना जंक्शन पर ही किसी ने उनका लैपटॉप बैग गायब कर दिया. चंदन कुमार के बयान पर पटना जंक्शन जीआरपी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

पुलिस का कहना है कि तीनों मामलों की जांच की जा रही है और रेलवे स्टेशन व ट्रेनों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है. यात्रियों से भी यात्रा के दौरान अपने सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की अपील की गई है.

इसे भी पढ़ें : महुआ पुलिस ने देशी शराब लदी पिकअप वैन जब्त की, भाग निकला चालक और धंधेबाज



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Nitish kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >