पटना से आनंद सिंह कौशिक की रिपोर्ट
पटना पुलिस के ऑपरेशन मुस्कान के तहत गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी का सिलसिला जारी है. तकनीकी विश्लेषण के आधार पर जिला एसयूआई टीम ने 180 मोबाइल फोन बरामद किए हैं. शुक्रवार को वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा के नेतृत्व में बरामद मोबाइल उनके वास्तविक धारकों को सौंपे गए. बरामद मोबाइल की कुल अनुमानित कीमत करीब 36 लाख रुपये बतायी गयी है.
मोबाइल की कीमत करीब 36 लाख बतायी गयी
मोबाइल वापस मिलने पर वास्तविक धारकों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली. पुलिस के अनुसार, गुम या चोरी हुए मोबाइल की शिकायतों के आधार पर तकनीकी टीम लगातार इनकी लोकेशन और उपयोग से संबंधित तकनीकी जानकारी का विश्लेषण कर रही थी. इसी आधार पर अलग-अलग स्थानों से मोबाइल बरामद किए गए.
ऑपरेशन मुस्कान आगे भी जारी रहेगा
एसएसपी कार्तिकेय के.शर्मा ने कहा कि ऑपरेशन मुस्कान का उद्देश्य गुम और चोरी हुए मोबाइल को बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाना है. जिला एसयूआई टीम की कार्रवाई से अब तक बड़ी संख्या में लोगों को उनके मोबाइल वापस मिल चुके हैं.ऑपरेशन मुस्कान आगे भी जारी रहेगा
फोन चोरी या गुम होने पर शिकायत दर्ज कराये
इस दौरान एसयूआई प्रभारी दीपक कुमार, एसयूआई इंस्पेक्टर सुमन कुमार समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे. पुलिस ने लोगों से मोबाइल गुम या चोरी होने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराने की अपील की है, ताकि तकनीकी माध्यम से उसे जल्द बरामद किया जा सके.
