गैंगस्टर के घर पुलिस की तलाशी मामले में पटना SSP ने लिया एक्शन, हाथीदह और पंचमहला के SHO सस्पेंड

Patna SSP Suspends Two SHO: मोकामा में सोनू-मोनू गैंग और अनंत सिंह समर्थकों के विवाद ने नया मोड़ ले लिया है. फायरिंग और पुलिस की तलाशी वाले वायरल वीडियो के बाद पटना SSP ने बड़ा एक्शन लिया है. पंचमहला और हाथीदह थाना अध्यक्ष को सस्पेंड कर दिया गया है. पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है.

Patna SSP Suspends Two SHO: मोकामा इलाके के नौरंगा जलालपुर गांव में हुई फायरिंग और पुलिस की तलाशी लेने वाले मामले में पटना SSP ने बड़ा एक्शन लिया है. वायरल वीडियो सामने आने के बाद पंचमहला थाना अध्यक्ष और हाथीदह थाना अध्यक्ष को सस्पेंड कर दिया गया है. इस संबंध में पटना SSP कार्यालय से आदेश भी जारी कर दिया गया है.

इलाके में तनाव का माहौल

पूरा मामला पंचमहला थाना क्षेत्र के नौरंगा जलालपुर गांव का है. यहां शनिवार को अनंत सिंह के समर्थक और सरपंच पति मुकेश कुमार पर गोली चलाने का आरोप लगा. इस घटना के पीछे सोनू-मोनू गैंग का हाथ बताया जा रहा है. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया.

विवाद शुरू होने की क्या है वजह ?

जानकारी के मुताबिक विवाद की शुरुआत एक फेसबुक पोस्ट से हुई. 22 मई को मुकेश कुमार ने सोशल मीडिया पर स्थानीय पुलिस और थाना प्रभारी की तारीफ करते हुए पोस्ट किया था. इसी पोस्ट को लेकर सोनू-मोनू के पिता प्रमोद सिंह नाराज हो गए. उन्होंने मुकेश से पोस्ट हटाने को कहा. इसी बात पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई.

मुकेश कुमार का आरोप है कि बहस के दौरान प्रमोद सिंह ने अपने बेटों सोनू और मोनू को बुला लिया. उनके साथ कई अन्य लोग भी पहुंचे और उनपर दो राउंड फायरिंग की गई. हालांकि मुकेश इस हमले में बाल-बाल बच गए.

पुलिस को घर के अंदर जाने से रोका

फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस सोनू-मोनू के घर छापेमारी करने पहुंची. लेकिन वहां मौजूद महिलाओं और गैंग के लोगों ने पुलिस को घर के अंदर जाने से रोक दिया. आरोप है कि पुलिसकर्मियों की तलाशी लेने के बाद ही उन्हें अंदर जाने दिया गया. इसी दौरान सोनू और मोनू पीछे के रास्ते से फरार हो गए.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

पटना SSP का एक्शन

वीडियो वायरल होने के बाद मामला और गर्मा गया. पटना SSP ने इसे गंभीरता से लेते हुए पंचमहला SHO और हाथीदह SHO को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया.

डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी ने भी इस घटना पर सख्त बयान दिया है. उन्होंने कहा कि पुलिस के साथ गलत व्यवहार करने वालों का पूरा हिसाब होगा और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी.

पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है. हाथीदह, मरांची और पंचमहला थाना की टीम लगातार छापेमारी कर रही है. सोनू-मोनू गैंग और अनंत सिंह समर्थकों के बीच जनवरी 2025 में भी बड़ा विवाद हुआ था. उस समय नौरंगा गांव में करीब 100 राउंड फायरिंग हुई थी.

इसे भी पढ़ें: गैंगस्टर के घर रेड में पुलिस की हुई तलाशी, डिप्टी CM बोले- होगा पूरा हिसाब, पहले हुई थी सैकड़ों राउंड फायरिंग

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Paritosh shahi

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >