पटना अब सही में बनेगा 'स्मार्ट', तीन वर्ल्ड क्लास सुविधा जल्द मिलेगी, जानिए पूरी डिटेल

पटना स्मार्ट सिटी परियोजना में बड़ा बदलाव होने वाला है. जीपीओ स्थित मल्टी मॉडल हब समेत तीन प्रमुख परियोजनाओं को पूरी तरह चालू कर राजस्व जुटाने की तैयारी है. इससे लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और शहर की आय भी बढ़ेगी.

Patna Smart City : पटना में स्मार्ट सिटी परियोजना को लेकर अब बड़ा बदलाव देखने को मिलने वाला है. शहर के जीपीओ स्थित मल्टी मॉडल हब समेत तीन प्रमुख परियोजनाओं को पूरी तरह चालू करने और उनसे राजस्व जुटाने की तैयारी शुरू हो गई है. अब यहां रोजाना वाहन खड़ा करने वालों को मासिक पास की सुविधा दी जाएगी, वहीं बसों के लिए भी यूजर चार्ज तय किया जाएगा. इस फैसले के बाद जहां एक ओर आम लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, वहीं स्मार्ट सिटी को भी आय का नया स्रोत मिलेगा.

अब शुरू होंगी सुविधाएं

दरअसल, इन परियोजनाओं के तैयार होने के बावजूद लंबे समय से इनका पूरा उपयोग नहीं हो पा रहा था. इससे न सिर्फ आम लोगों को परेशानी हो रही थी, बल्कि स्मार्ट सिटी को राजस्व का नुकसान भी उठाना पड़ रहा था. इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद अब प्रशासन सक्रिय हुआ है और टेंडर जारी कर संचालन और रखरखाव की प्रक्रिया तेज कर दी गई है.

पार्किंग और बस टर्मिनल पर लागू होगा चार्ज

मल्टी मॉडल हब में अब नियमित वाहन लगाने वालों के लिए मासिक पार्किंग पास की सुविधा शुरू होगी. इसके साथ ही जो बसें यहां टर्मिनल का उपयोग करेंगी, उनसे भी यूजर चार्ज लिया जाएगा.

इस हब में यात्रियों की सुविधा के लिए कई आधुनिक व्यवस्थाएं होंगी. यहां पार्किंग के अलावा रेस्तरां, 11 दुकानें, एटीएम, वेंडिंग कियोस्क, डिजिटल एलईडी विज्ञापन डिस्प्ले और इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग स्टेशन की सुविधा मिलेगी. इससे रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों को काफी सहूलियत होगी.

कॉमन फैसिलिटी सेंटर में मिलेंगी कई सेवाएं

मीठापुर मेट्रो स्टेशन के पास बने कॉमन फैसिलिटी सेंटर को भी अब व्यावसायिक रूप से उपयोग में लाया जाएगा. यहां पोस्ट ऑफिस, बैंक और अन्य वित्तीय संस्थानों को लीज पर जगह दी जाएगी.

इसके अलावा यहां सुपरमार्केट, रिटेल दुकानें, ब्यूटी पार्लर, सैलून, फूड कियोस्क और वेंडिंग मशीनें भी शुरू की जाएंगी. खास बात यह है कि यहां "दीदी की रसोई" जैसी पहल भी देखने को मिलेगी. सांस्कृतिक कार्यक्रमों और आयोजनों के लिए मल्टीपर्पस हॉल और ओपन एयर थिएटर भी उपलब्ध रहेगा, जिसे लोग बुक कर सकेंगे.

मौर्यालोक में जिम, कैफेटेरिया और इवेंट स्पेस

मौर्यालोक परिसर को भी नए रूप में विकसित किया जा रहा है. यहां मौर्य टावर में ओपन एयर कैफेटेरिया, फूड कोर्ट, को-वर्किंग स्पेस और ब्रांडेड शोरूम खोले जाएंगे. साथ ही आधुनिक जिम, योग और ध्यान केंद्र की सुविधा भी दी जाएगी.

मौर्यलोक में स्मार्ट जिम

इसके अलावा मौर्य मंडपम को शादी, कॉर्पोरेट मीटिंग, ट्रेड फेयर और रूफटॉप म्यूजिक कंसर्ट जैसे आयोजनों के लिए बुक किया जा सकेगा. इससे यह इलाका एक बड़े कमर्शियल और सोशल हब के रूप में उभरेगा.

शहर को मिलेंगी विश्वस्तरीय सुविधाएं

इन तीनों परियोजनाओं के पूरी तरह शुरू होने के बाद पटना के लोगों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलने लगेंगी. साथ ही शहर की आधारभूत संरचना मजबूत होगी और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे. स्मार्ट सिटी का यह कदम शहर के विकास की दिशा में अहम माना जा रहा है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By हिमांशु देव

सितंबर 2023 से पटना में प्रभात खबर से जुड़कर प्रिंट और डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. कला, साहित्य-संस्कृति, नगर निगम और स्मार्ट सिटी से जुड़ी खबरों पर प्रमुखता से काम किया है. महिला, युवा और जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाना प्राथमिकता में शामिल है. व्यक्तिगत तौर पर किताबें पढ़ना और नई जगहों को एक्सप्लोर करना अच्छा लगता है.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >