Patna Kidnapping Case : कोतवाली थाना क्षेत्र के न्यू मार्केट इलाके में मंगलवार की सुबह एक युवक के कथित अपहरण का मामला सामने आया है. आरोप है कि देह व्यापार से जुड़े लोगों के विरोध के कारण करबिगहिया निवासी बंटी का कुछ लोगों ने जबरन अपहरण कर लिया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. आक्रोशित स्थानीय लोगों ने घेराबंदी कर एक संदिग्ध को पकड़ लिया, उसकी पिटाई की और बाद में उसे कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस अपहृत युवक की तलाश में छापेमारी कर रही है.
विरोध के कारण रंजिश का आरोप
स्थानीय लोगों के अनुसार बंटी न्यू मार्केट और आसपास के इलाके में कथित रूप से चल रहे देह व्यापार का विरोध करता था. आरोप है कि वह इस गतिविधि से जुड़े लोगों को इलाके से हटने के लिए कहता था, जिससे उनके साथ उसकी रंजिश हो गई थी.
दूध लेने निकला था युवक
बताया जाता है कि मंगलवार सुबह बंटी दूध लेने के लिए न्यू मार्केट गया था. इसी दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने उसे जबरन पकड़ लिया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक ने बचने के लिए शोर भी मचाया, लेकिन आरोपी उसे अपने साथ लेकर फरार हो गए.
लोगों ने एक संदिग्ध को पकड़कर पुलिस को सौंपा
घटना की जानकारी फैलते ही स्थानीय लोग और व्यापारी आक्रोशित हो गए. लोगों ने तलाश के दौरान करबिगहिया इलाके से एक संदिग्ध को पकड़ लिया. उसकी पिटाई करने के बाद उसे कोतवाली थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया.
युवक की तलाश में जुटी पुलिस
कोतवाली थाना पुलिस ने संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है तथा कथित अपहृत युवक की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी.
Also Read : निशांत कुमार अचानक पहुंचे LNJP हॉस्पिटल, मरीजों से की बात, व्यवस्थाओं को देख भड़के
