पटना: मनेर में कस्टमर बनकर पुलिस ने की रेड, मादक पदार्थ के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

मनेर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना पर फिल्मी स्टाइल में कार्रवाई करते हुए 3 स्मैक तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. पुलिस ने मौके से करीब 60 ग्राम स्मैक और चार मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं.

Maner Police Raid : पटना जिले के मनेर थाना क्षेत्र में पुलिस ने फिल्मी अंदाज में कार्रवाई करते हुए स्मैक तस्करों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है. खासपुर रामचंद्र पथ के पास गुमटी में स्मैक बेचे जाने की सूचना पर पुलिस खुद कस्टमर बनकर पहुंची और मौके से तीन विक्रेताओं को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. इस दौरान पुलिस ने 105 पुड़िया करीब 60 ग्राम स्मैक के साथ चार मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं.

जानकारी के अनुसार, मनेर थाना क्षेत्र के खासपुर इलाके में लंबे समय से गुप्त सूचना मिल रही थी कि एक गुमटी से लगातार स्मैक की बिक्री हो रही है. इसको गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने पहले पूरे मामले की निगरानी की और फिर एक प्लान बनाकर कार्रवाई को अंजाम दिया. पुलिस टीम ने कस्टमर बनकर वहां पहुंचकर स्मैक खरीदने की कोशिश की, जैसे ही सौदा तय हुआ, तुरंत छापेमारी कर विक्रेताओं को पकड़ लिया गया.

गुप्त सूचना पर रची गई रणनीति, मौके पर दबोचे गए तस्कर

थानाध्यक्ष रजनीश कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद एक विशेष टीम का गठन किया गया था. टीम को कस्टमर के रूप में गुमटी पर भेजा गया. वहां स्मैक की खरीदारी के दौरान जैसे ही पुष्टि हुई, तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया. मौके से भारी मात्रा में स्मैक बरामद होने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.

पुलिस ने जब्त स्मैक की बाजार कीमत करीब 45 से 50 हजार रुपए आंकी है. इसके साथ ही चार मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं, जिनके जरिए नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान, नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान छितनावा गांव निवासी रंजीत साहू के पुत्र जॉनी कुमार, उपेंद्र राय के पुत्र नीतीश कुमार और विजेंद्र राय के पुत्र नीतीश कुमार के रूप में हुई है. पुलिस तीनों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि स्मैक कहां से लाई जा रही थी और किन-किन लोगों को सप्लाई की जाती थी.

थानाध्यक्ष ने बताया कि पूछताछ के आधार पर पूरे नेटवर्क को खंगालने की कोशिश की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस धंधे से जुड़े और कौन-कौन लोग हैं.

इलाके में बढ़ी सतर्कता, आगे भी चलेगा अभियान

इस कार्रवाई के बाद इलाके में पुलिस की सक्रियता और बढ़ा दी गई है. स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है. पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और बरामद मोबाइल फोन के जरिए बड़े नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है. प्रशासन का साफ संदेश है कि मनेर समेत पूरे पटना जिले में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Suaib khan maner

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >