पटना से नितीश सिंह की रिपोर्ट
राजधानी में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पटना पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है. वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर देर रात रात्रि गश्ती और वाहन जांच अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है.
देर रात सड़कों पर उतरीं सिटी एसपी
इसी क्रम में 28-29 जुलाई की देर रात नगर पुलिस अधीक्षक (मध्य) ममता कल्याणी ने शहर के विभिन्न इलाकों में तैनात गश्ती दलों और पुलिस पोस्ट का औचक निरीक्षण किया. उन्होंने मौके पर पहुंचकर पुलिसकर्मियों की मौजूदगी, सतर्कता और कार्यप्रणाली का बारीकी से जायजा लिया.
पुलिसकर्मियों को दिए सख्त निर्देश
निरीक्षण के दौरान सिटी एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि रात्रि गश्ती में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि रात में नियमित और प्रभावी गश्त सुनिश्चित करें, ताकि अपराधियों पर कड़ी नजर रखी जा सके और किसी भी घटना पर तत्काल कार्रवाई हो.
सुरक्षा व्यवस्था और होगी मजबूत
पटना पुलिस का कहना है कि शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने, अपराधियों पर नकेल कसने और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे औचक निरीक्षण आगे भी लगातार जारी रहेंगे. पुलिस का उद्देश्य नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखना है.
