पीएमसीएच के माइक्रोबायोलॉजी विभाग में लगी भीषण आग, परीक्षा के दौरान मची अफरा-तफरी, लाखों का नुकसान

Patna PMCH Fire: पटना के पीएमसीएच (PMCH) अस्पताल के माइक्रोबायोलॉजी विभाग में सोमवार दोपहर को अचानक भीषण आग लग गई. आग लगने के वक्त विभाग में परीक्षा चल रही थी, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही दमकल की पांच गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.

Patna PMCH Fire: (नितिश सिंह की रिपोर्ट) पीएमसीएच के माइक्रोबायोलॉजी विभाग में सोमवार की दोपहर भीषण आग लग गयी. आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते विभाग में रखीं कीमती मशीनें, जरूरी सामान और दस्तावेज जल कर राख हो गये. हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है. प्राथमिक रूप से भीषण गर्मी के कारण शॉर्ट सर्किट होने से आग लगने की संभावना जतायी जा रही है.

घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू

घटना की जानकारी मिलने पर दमकल की पांच गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य में जुट गयीं. फायर ब्रिगेड की टीम को आग बुझाने में करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत करनी पड़ी. जिला फायर कमांडेंट रितेश पांडेय ने बताया कि आग लगने की सूचना कंट्रोल रूम को दोपहर 2.10 बजे मिली थी. सूचना मिलते ही तुरंत पांच दमकल की गाड़ियां भेजी गयीं. फिलहाल आग को पूरी तरह बुझा लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच करायी जायेगी.

विभाग में चल रही थी परीक्षा

बताया जाता है कि जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस समय विभाग में दो शिफ्टों में परीक्षा चल रही थी. परीक्षा लगभग खत्म होने पर थी और सभी लोग बाहर निकलने की तैयारी में थे. इसी दौरान अचानक पूरा विभाग काले धुएं से भर गया और आग की तेज लपटें निकलने लगीं. स्थिति को भांपते हुए बिजली की सप्लाई को तुरंत बंद किया गया, लेकिन तब तक आग पूरे विभाग में फैल चुकी थी. इस हादसे में वहां रखे कीमती उपकरण, फर्नीचर व अन्य दस्तावेज जल कर खाक हो गये, जिससे लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है.

पीएमसीएच में पहले भी हो चुकी हैं आगजनी की घटनाएं

पीएमसीएच में सुरक्षा इंतजामों को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं, क्योंकि यहाँ आग लगने की यह पहली घटना नहीं है. इससे पहले दो माह पूर्व पीएमसीएच के पैथोलॉजी विभाग में भी आग लग गयी थी, हालांकि उसे समय रहते तुरंत बुझा दिया गया था. इसके अलावा पीएमसीएच के स्त्री व प्रसूति विभाग के पुराने भवन में भी आग लगने की घटना सामने आ चुकी है. गौर करने वाली बात यह है कि हर बार शॉर्ट सर्किट से ही आग लगने की आशंका जतायी जाती है, लेकिन इसके स्थाई समाधान को लेकर ठोस कदम नहीं दिख रहे हैं.

Also Read : नालंदा में सूखे नशे का फैलता जाल नशे की गिरफ्त में युवा पीढ़ी, बढ़ते अपराध ने बढ़ाई चिंता

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Nikhil Anurag

मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट. नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >