पटना से नीतीश कुमार की रिपोर्ट Patna Cyber Crime : राजधानी पटना में साइबर ठग लगातार लोगों को निशाना बना रहे हैं. ताजा दो मामलों में बदमाशों ने बैंकिंग ऐप और मोबाइल से जुड़ी तकनीकी प्रक्रिया का फायदा उठाकर दो लोगों के खातों से कुल 5.12 लाख रुपये उड़ा दिए. दोनों पीड़ितों ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
बैंकिंग ऐप डाउनलोड करने के बाद खाते से उड़ गए 3.95 लाख
दनियावां निवासी कुमार अनिल प्रसाद ने साइबर थाने में दर्ज शिकायत में बताया कि वह मोबाइल में बैंकिंग ऐप डाउनलोड कराने के लिए एक बैंककर्मी के पास गए थे. वहां उन्हें बताया गया कि इंटरनेट की गति धीमी होने के कारण बाद में ऐप डाउनलोड कर दिया जाएगा. इसके बाद उन्होंने स्वयं बैंकिंग ऐप डाउनलोड किया. जब उन्होंने खाते का बैलेंस चेक किया तो उनके दो बैंक खातों से कुल 3.95 लाख रुपये की निकासी हो चुकी थी.
OTP आने के बाद हैंग हुआ मोबाइल, 1.17 लाख की ठगी
दूसरे मामले में पटना के सालिमपुर निवासी दीपक कुमार के मोबाइल पर लगातार कई OTP आए. इसके कुछ देर बाद उनका मोबाइल फोन हैंग हो गया. जब फोन सामान्य हुआ और उन्होंने बैंक खाते की जांच की तो 1.17 लाख रुपये की निकासी हो चुकी थी. इसके बाद उन्होंने भी साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई.
साइबर पुलिस कर रही जांच
दोनों मामलों में साइबर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस बैंक खातों के लेनदेन, मोबाइल गतिविधियों और डिजिटल ट्रेल की जांच कर रही है ताकि ठगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके.
साइबर सुरक्षा के लिए बरतें ये सावधानियां
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, OTP, PIN या बैंकिंग जानकारी किसी से साझा न करें और केवल आधिकारिक बैंकिंग ऐप ही डाउनलोड करें. किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तुरंत बैंक और साइबर हेल्पलाइन पर सूचना दें.
Also Read : पटना में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, कमरे में फंदे से लटका मिला शव, दहेज हत्या का आरोप
