Patna Crime News : मसौढ़ी के धनरूआ थाना के नदवां ओपी क्षेत्र के पथरहट गांव में दूसरी शादी का विरोध करने पर विवाहिता के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. मामले में पति समेत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है.
दूसरी शादी का विरोध बना विवाद की वजह
पीड़िता पूनम देवी ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया है कि उनके पति अजय कुमार उर्फ बबलू ने कुछ दिन पहले दूसरी शादी कर ली और दूसरी पत्नी के साथ रहने लगा. वह लगातार इसका विरोध कर रही थीं. आरोप है कि इसी बात को लेकर सोमवार को पति, देवर संजय कुमार और ससुर चंदेश्वर प्रसाद ने उनके साथ मारपीट की.
आंख में गंभीर चोट, अस्पताल में इलाज जारी
मारपीट में पूनम देवी की एक आंख में गंभीर चोट लगी और काफी सूजन आ गई. घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति अजय कुमार उर्फ बबलू को हिरासत में ले लिया. बाद में उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
तीन के खिलाफ प्राथमिकी, जांच जारी
पीड़िता के बयान पर नदवां ओपी में पति अजय कुमार उर्फ बबलू, देवर संजय कुमार और ससुर चंदेश्वर प्रसाद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस ने बताया कि घायल महिला का इलाज कराया जा रहा है. उसकी आंख की स्थिति पर चिकित्सकीय निगरानी रखी जा रही है. साथ ही उसके मायके वालों के आने का इंतजार किया जा रहा था. पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
