Patna News: (आनंद तिवारी की रिपोर्ट) विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर इंडियन डेंटल एसोसिएशन (आईडीए), बिहार द्वारा एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों ने तंबाकू और धूम्रपान से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य खतरों पर प्रकाश डाला. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में डॉक्टर, सामाजिक कार्यकर्ता और आम लोग शामिल हुए. सभी को तंबाकू मुक्त समाज बनाने की शपथ भी दिलाई गई.
तंबाकू सेवन ओरल कैंसर का प्रमुख कारण : डॉ. मानवेंद्र
आईडीए बिहार के राज्य सचिव डॉ. कुमार मानवेंद्र ने कहा कि तंबाकू सेवन ओरल कैंसर सहित कई गंभीर बीमारियों का प्रमुख कारण है. उन्होंने कहा कि इससे बचाव का सबसे प्रभावी तरीका तंबाकू का पूर्ण त्याग है. उन्होंने यह भी कहा कि यदि उचित व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए तो आईडीए बिहार द्वारा नियमित रूप से निःशुल्क जांच शिविर और जागरूकता अभियान चलाए जा सकते हैं.
कैंसर के मामलों में बढ़ोतरी पर चिंता
महावीर कैंसर संस्थान की निदेशक डॉ. मनीषा सिंह ने बताया कि तंबाकू सेवन के कारण कैंसर के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है. उन्होंने लोगों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और किसी भी प्रकार के तंबाकू उत्पाद से दूर रहने की अपील की. उन्होंने कहा कि मुंह के कैंसर के अधिकतर मामले तंबाकू सेवन से जुड़े होते हैं, इसलिए समय पर जांच बेहद जरूरी है.
प्रारंभिक पहचान से बढ़ती है इलाज की संभावना
मुख्य वक्ता डॉ. सूरज कुमार ने कैंसर की शुरुआती पहचान और समय पर उपचार के महत्व पर विस्तार से चर्चा की. उन्होंने कहा कि शुरुआती अवस्था में बीमारी पकड़ में आ जाए तो इलाज की सफलता की संभावना काफी बढ़ जाती है. उन्होंने युवाओं से नशे और तंबाकू से दूर रहने की अपील भी की.
तंबाकू मुक्त समाज का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने तंबाकू का सेवन न करने और दूसरों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की शपथ ली. वक्ताओं ने कहा कि तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण में केवल सरकार ही नहीं, बल्कि समाज के हर व्यक्ति की भूमिका महत्वपूर्ण है.
युवाओं पर विशेष फोकस
कार्यक्रम में चिकित्सकों ने स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता अभियान बढ़ाने पर जोर दिया, ताकि युवाओं को तंबाकू और धूम्रपान की लत से बचाया जा सके. इस अवसर पर डॉ. कुमारी साक्षी सहित कई दंत चिकित्सक उपस्थित रहे.
इसे भी पढ़ें: पटना में NH किनारे बने अवैध ढाबों और पार्किंग पर चलेगा बुलडोजर, 15 दिनों में हटाने का DM का आदेश
