Patna News: (अनुपम कुमार) सचिवालय सेवा के लिए शुरू की गई पिंक बसों का समय मंगलवार से बदल दिया गया है। अब ये बसें शाम छह बजे के बजाय शाम पांच बजे से ही खुलने लगेंगी. बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) ने महिला कर्मियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया है.
दरअसल, कई महिला कर्मियों ने शिकायत की थी कि वे शाम पांच बजे ही कार्यालय से निकल जाती हैं, जबकि बस सेवा शाम छह बजे शुरू होने के कारण उन्हें परेशानी हो रही थी. इसी को देखते हुए अब पिंक बसों को शाम पांच बजे से ही विश्वेश्वरैया भवन और विकास भवन के पास उपलब्ध कराया जाएगा.
बस भरते ही किया जाएगा रवाना
बीएसआरटीसी के अनुसार पिंक बसें जैसे-जैसे भरती जाएंगी, उन्हें उसी समय रवाना कर दिया जाएगा ताकि महिला कर्मियों को अधिक देर तक इंतजार नहीं करना पड़े.
छह इलेक्ट्रिक बसें शाम छह बजे चलेंगी
सचिवालय सेवा के तहत कुल 11 बसें संचालित की जा रही हैं। इनमें पांच पिंक बसें केवल महिला कर्मियों के लिए आरक्षित हैं, जबकि छह इलेक्ट्रिक बसों में महिला और पुरुष दोनों कर्मचारी सफर कर सकते हैं.
इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शाम छह बजे विकास भवन और विश्वेश्वरैया भवन के सामने से किया जाएगा. वहीं सुबह के समय सभी बसों के सचिवालय पहुंचने का समय सुबह नौ बजे से 9:20 बजे के बीच निर्धारित किया गया है.
पहले दिन 300 कर्मियों ने किया सफर
सोमवार को इस नई बस सेवा के पहले दिन करीब 300 सरकारी कर्मियों ने यात्रा की। निगम को उम्मीद है कि समय में किए गए बदलाव के बाद अब यात्रियों की संख्या और बढ़ेगी.
Also Read: नवादा में आज: शहर में आज का कार्यक्रम, ओपीडी में कौन होंगे डॉक्टर, जानिए एक क्लिक में
