2473 पदों की भर्ती का रिजल्ट लंबित, डिप्लोमा फार्मासिस्ट छात्रों ने दी भूख हड़ताल की चेतावनी

Patna News: बिहार तकनीकी सेवा आयोग द्वारा डिप्लोमा फार्मासिस्ट भर्ती का फाइनल रिजल्ट जारी नहीं किए जाने से अभ्यर्थियों में नाराजगी है. छात्र संगठन ने 12 जून तक परिणाम प्रकाशित नहीं होने पर 14 जून से भूख हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी है.

Patna News: (आनंद तिवारी की रिपोर्ट) बिहार तकनीकी सेवा आयोग (बीटीएससी) द्वारा डिप्लोमा फार्मासिस्ट के 2473 पदों पर नियमित नियुक्ति के लिए फाइनल रिजल्ट प्रकाशित नहीं किए जाने के विरोध में बुधवार को डिप्लोमा फार्मासिस्ट ऑर्गनाइजेशन, छात्र संघ, बिहार की राज्यस्तरीय बैठक आयोजित की गई. बैठक में विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधियों ने 12 जून तक परिणाम जारी नहीं होने पर 14 जून से भूख हड़ताल शुरू करने की घोषणा की.

फाइनल रिजल्ट में देरी से अभ्यर्थियों में नाराजगी

छात्र संघ के अध्यक्ष अरविंद कुमार चौधरी ने कहा कि डिप्लोमा फार्मासिस्टों की नियमित नियुक्ति की चयन प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद फाइनल रिजल्ट प्रकाशित करने में अत्यधिक विलंब किया जा रहा है. इससे अभ्यर्थियों में असंतोष बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि यदि आयोग 12 जून तक फाइनल रिजल्ट जारी नहीं करता है तो 14 जून से आयोग के खिलाफ भूख हड़ताल शुरू की जाएगी. यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक परिणाम प्रकाशित नहीं किया जाता.

आयोग के रवैये पर उठाए सवाल

छात्र संघ के कोषाध्यक्ष गोपाल कुमार साह ने आरोप लगाया कि आयोग जानबूझकर फाइनल रिजल्ट प्रकाशित करने में देरी कर रहा है. इससे राज्यभर के डिप्लोमा फार्मासिस्ट अभ्यर्थियों में रोष व्याप्त है और सफल उम्मीदवार लगातार हतोत्साहित हो रहे हैं.

चयनित अभ्यर्थियों की सूची जारी करने की मांग

छात्र संघ के कार्यकारी सदस्य ऋषि राज ने कहा कि आयोग से कई बार चयन प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर अनुशंसित अभ्यर्थियों की सूची जारी करने का अनुरोध किया गया है. इसके बावजूद अब तक फाइनल रिजल्ट प्रकाशित नहीं किया गया है, जिससे आयोग की कार्यशैली और विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो रहे हैं.

आयोग को सौंपा गया पत्र

बैठक के दौरान छात्रों ने आयोग को पत्र लिखकर आगामी शुक्रवार यानी 12 जून तक फाइनल रिजल्ट प्रकाशित करने का अनुरोध किया है. छात्र नेताओं का कहना है कि यदि तय समय सीमा तक परिणाम जारी नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.

राज्यभर के अभ्यर्थियों की नजर आयोग के फैसले पर

अब डिप्लोमा फार्मासिस्ट भर्ती परीक्षा में शामिल हजारों अभ्यर्थियों की नजर बीटीएससी के अगले कदम पर टिकी हुई है. छात्र संगठन ने स्पष्ट कर दिया है कि परिणाम जारी नहीं होने की स्थिति में 14 जून से भूख हड़ताल शुरू की जाएगी.

Also Read: पटना में सेटेलाइट टाउनशिप का विरोध: भूमि रजिस्ट्री शुरू करने और टाउनशिप योजना वापस लेने की मांग तेज

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Nikhil Anurag

मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट. नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >