दानापुर-गांधी मैदान रोड पर ऑटो चालकों का भारी हंगामा, किराया बढ़ाने की मांग को लेकर चक्का जाम, 10 हिरासत में

Patna News: पटना के दानापुर-गांधी मैदान मुख्य मार्ग पर बुधवार को किराया बढ़ाने की मांग को लेकर ऑटो चालकों ने जमकर हंगामा किया और परिचालन पूरी तरह ठप कर दिया. चालकों का तर्क है कि बेली रोड और खगौल रूट पर किराया बढ़ चुका है, लेकिन उनके रूट पर नहीं बढ़ाया गया. पुलिस ने10 ऑटो चालकों को हिरासत में लिया है.

Patna News: (संजय कुमार की रिपोर्ट) दानापुर-गांधी मैदान मुख्य मार्ग पर बुधवार को भाड़ा बढ़ाने की मांग को लेकर स्थानीय ऑटो चालकों ने अचानक मोर्चा खोल दिया और सड़क पर जमकर हंगामा किया. ऑटो चालकों ने एकजुट होकर नासरीगंज, दानापुर ब्लॉक के समीप, तकियापर, मुख्य बस पड़ाव, थाना मोड़ व रामजी चक समेत आधा दर्जन से अधिक प्रमुख जगहों पर अपनी-अपनी गाड़ियां बीच सड़क पर आड़ी-तिरछी खड़ी कर दीं और परिचालन को पूरी तरह बाधित कर दिया. भीषण और उमस भरी गर्मी के बीच अचानक हुए इस चक्का जाम के कारण स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्रों, दफ्तर के कर्मचारियों और आम यात्रियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा और लोग पैदल चलने को विवश हो गए.

जहानाबाद से कोर्ट आए मुसाफिर भी फंसे, चालकों ने दी यह दलील

इस अचानक हुए हंगामे और हड़ताल के कारण दूर-दराज से आए लोग भी बीच रास्ते में फंस गए. दानापुर कोर्ट में तारीख पर आए जहानाबाद के निवासी राजकुमार ने अपनी परेशानी साझा करते हुए बताया कि ऑटो चालकों ने मनमाने ढंग से भाड़ा बढ़ाने की जिद पर गाड़ियों का परिचालन पूरी तरह बंद कर दिया है, जिससे अदालत पहुंचने में उन्हें काफी देर हो गई और भारी परेशानी झेलनी पड़ी.

इधर, आंदोलन कर रहे ऑटो चालकों का कहना है कि पटना के अन्य प्रमुख मार्गों जैसे बेली रोड और खगौल रोड में ऑटो का किराया आधिकारिक तौर पर बढ़ा दिया गया है, लेकिन दानापुर-गांधी मैदान (वाया कुर्जी) मार्ग पर अभी तक पुराना भाड़ा ही लिया जा रहा है. महंगाई के इस दौर में पुराने किराए पर गाड़ी चलाना अब उनके लिए घाटे का सौदा साबित हो रहा है, इसलिए वे किराया बढ़ाने की मांग कर रहे हैं.

सड़क पर उतरे अधिकारी, 10 हंगामा कर रहे चालक हिरासत में

मुख्य मार्ग पर वाहनों का परिचालन ठप होने और यात्रियों की बढ़ती परेशानी की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने आक्रोशित चालकों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया, लेकिन जब वे सड़क से हटने को तैयार नहीं हुए तो पुलिस ने कड़ा रुख अख्तियार किया. पुलिस ने यातायात व्यवस्था को दोबारा सुचारू कराने के लिए सड़क पर हंगामा कर रहे और जबरन दूसरों की गाड़ियां रुकवा रहे 10 ऑटो चालकों को हिरासत में ले लिया है. फिलहाल पुलिस इन चालकों को थाने लाकर पूछताछ कर रही है और रूट पर स्थिति को सामान्य बनाने का प्रयास किया जा रहा है.

Also Read: खान सर की कोचिंग पर हमले मामले में बड़ी कार्रवाई, ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर रोशन आनंद समेत तीन गिरफ्तार

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Nikhil Anurag

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >