Patna News: : पटना के भगवानगंज थाना क्षेत्र स्थित इंदो गांव में बच्चों के मामूली विवाद ने रविवार को हिंसक झड़प का रूप ले लिया. दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले और पत्थरबाजी हुई, जिसमें कई लोग घायल हो गए. मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों की लिखित शिकायत पर कुल 56 लोगों को नामजद करते हुए प्राथमिकी दर्ज की है और आठ लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
जानकारी के अनुसार, दो बच्चों के बीच हुए मामूली विवाद के बाद दोनों परिवार आमने-सामने आ गए. देखते ही देखते गांव के अन्य लोग भी दो गुटों में बंट गए और दोनों ओर से मारपीट व पथराव शुरू हो गया. इस हिंसक झड़प में एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए, जिनका इलाज निजी अस्पतालों में कराया गया.
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 8 गिरफ्तार और 56 नामजद
घटना की सूचना मिलते ही भगवानगंज थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों पक्षों से आवेदन प्राप्त होने के बाद कुल 56 नामजद आरोपितों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया.
गांव में तनाव को देखते हुए और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है. पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और घटना में शामिल अन्य दोषियों के खिलाफ भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
