Patna Liquor Seized: राजधानी में शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. बुधवार को रामकृष्णा नगर थाना क्षेत्र के जकरियापुर में छापेमारी कर पुलिस ने पिकअप वैन से विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद की. पुलिस ने मौके से चार शराब तस्करों को भी गिरफ्तार किया है. बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 5.60 लाख रुपये बतायी गयी है.
पिकअप वैन से 466.554 लीटर शराब बरामद
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर निरीक्षक दीपक महतो के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था. टीम ने चिन्हित स्थान पर छापेमारी की. इस दौरान पिकअप वैन संख्या BR01GF 9731 की तलाशी ली गयी, जिसमें कुल 1535 बोतलें और कैन बरामद किये गये. जब्त शराब की कुल मात्रा 466.554 लीटर आंकी गयी है.
चार शराब तस्कर गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मसौढ़ी निवासी संजीत कुमार, नालंदा निवासी बंटी कुमार, बाढ़ निवासी राजीव कुमार और नालंदा निवासी मनोज कुमार के रूप में हुई है.
शराब नेटवर्क की जानकारी जुटा रही पुलिस
पुलिस गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर रही है. पूछताछ के जरिए शराब के अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और शराब की सप्लाई के मुख्य स्रोत का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
Also Read : VIDEO: ‘छात्रों की आवाज दबा नहीं सकती सरकार’, प्रशांत किशोर बोले- TRE समेत जायज मांगें माननी होंगी
