Patna Suicide News: बिहार की राजधानी पटना से एक दर्दनाक खबर सामने आई है. शहर के चर्चित चाणक्य लॉ कॉलेज के एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. इस घटना के बाद कॉलेज परिसर में सन्नाटा पसरा हुआ है.
कमरे में मिला छात्र, फंदे से लटका था
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक छात्र का नाम मयंक राज है. बताया जा रहा है कि उसने अपने कमरे में फांसी लगा ली. घटना मंगलवार दोपहर करीब 1 बजकर 50 मिनट की बताई जा रही है. कुछ हॉस्टल कर्मियों ने उसे फंदे से उतारा. इसके बाद तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया.
अस्पताल में चला इलाज, नहीं बच सकी जान
मयंक को इलाज के लिए मेदांता में भर्ती कराया गया था. देर रात तक डॉक्टरों ने उसे बचाने की कोशिश की. लेकिन अंततः उसकी मौत हो गई. अस्पताल में ही परिजनों को सूचना दी गई.
सुसाइड नोट में लड़की का जिक्र
पुलिस को कमरे से एक कथित सुसाइड नोट मिला है. बताया जा रहा है कि उस पत्र में किसी लड़की का जिक्र है. हालांकि पुलिस ने आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की है. कमरे से आईफोन, आईपैड और पहचान संबंधी दस्तावेज भी बरामद हुए हैं. कई सामानों को जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है.
LLM का छात्र था मयंक
मयंक राज एलएलएम के अंतिम वर्ष का छात्र था. पिछले साल जून में उसका दाखिला हुआ था. जून में उसकी परीक्षा प्रस्तावित थी. फिलहाल कोई परीक्षा या शैक्षणिक दबाव की बात सामने नहीं आई है. घटना से कुछ घंटे पहले वह दोस्तों के साथ बैठकर कॉफी भी पी रहा था.
परिवार ने जताई साजिश की आशंका
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार मयंक की मां ने कहा है कि उनका बेटा आत्महत्या नहीं कर सकता. उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है. मयंक के आधार कार्ड पर रांची का पता दर्ज है.
पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
पुलिस पूरे मामले की जांच अलग-अलग एंगल से कर रही है. विश्वविद्यालय प्रशासन ने भी घटना पर दुख जताया है. शोक संदेश जारी करने की बात कही गई है. इस घटना के बाद कॉलेज में गम का माहौल है. छात्र और शिक्षक दोनों स्तब्ध हैं.
Also Read: तेज प्रताप-ऐश्वर्या तलाक केस में फिर नाकाम रही सुलह, 17 मार्च को अगली सुनवाई
