पटना के सचिवालय हॉल्ट पर महिला से चेन झपटकर चलती ट्रेन से कूदा बदमाश, एक लाख की ज्वेलरी लेकर फरार

Patna Chain Snatching : पटना के सचिवालय हॉल्ट पर चलती ट्रेन में एक बदमाश ने महिला के गले से 11.5 ग्राम सोने की चेन झपट ली और ट्रेन से कूदकर फरार हो गया. पटना जंक्शन जीआरपी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

पटना से नितिश सिंह की रिपोर्ट
Patna Chain Snatching : पटना जंक्शन जीआरपी क्षेत्र के सचिवालय हॉल्ट पर चलती ट्रेन में एक महिला के गले से सोने की चेन झपटकर बदमाश फरार हो गया. वारदात के बाद आरोपी चलती ट्रेन से पटरी पर कूदकर भाग निकला. पीड़िता के परिजन पीछा नहीं कर सके, क्योंकि तब तक ट्रेन पटना जंक्शन की ओर रफ्तार पकड़ चुकी थी.

पीड़िता की पहचान बक्सर जिले के ब्रह्मपुर निवासी माधुरी कुमारी के रूप में हुई है. इस संबंध में उनके देवर ऋषभ कुमार के बयान पर पटना जंक्शन जीआरपी में प्राथमिकी दर्ज की गई है.

गेट पर खड़े थे तभी हुई वारदात

जानकारी के अनुसार, ऋषभ कुमार अपनी भाभी माधुरी कुमारी के साथ बक्सर से पैसेंजर ट्रेन से पटना आ रहे थे. सचिवालय हॉल्ट पर ट्रेन कुछ देर के लिए रुकी. दोनों उतरने के लिए ट्रेन के गेट पर खड़े हो गए. इसी दौरान ट्रेन धीरे-धीरे पटना जंक्शन की ओर चलने लगी. इसी बीच पास में खड़े एक युवक ने झपट्टा मारकर माधुरी कुमारी के गले से सोने की चेन छीन ली और चलती ट्रेन से नीचे कूदकर फरार हो गया.

एक लाख से अधिक की थी चेन

पीड़िता और उनके देवर आरोपी का पीछा नहीं कर सके. ट्रेन पटना जंक्शन पहुंचने के बाद उन्होंने जीआरपी थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस के अनुसार छीनी गई चेन का वजन करीब 11.5 ग्राम है, जिसकी कीमत एक लाख रुपये से अधिक बताई गई है.

पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं

रेल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि सचिवालय हॉल्ट पर पहले भी चेन झपटमारी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान में जुटी है.

यह भी पढ़ें: कभी शराबियों की गली कहलाने वाली यह जगह, अब शिक्षा और कारोबार का नया हब बन गई है

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Nikhil Anurag

मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट. नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >