पटना में नशे में धुत थार चालक ने ट्रैफिक पुलिस को कुचलने की कोशिश, युवक गिरफ्तार

पटना के कंकड़बाग में एक थार चालक ने नशे की हालत में ट्रैफिक पुलिसकर्मी को कुचलने का प्रयास किया. घटना के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को रोका और चालक को हिरासत में लिया.

पटना से नितिश सिंह की रिपोर्ट

Patna Crime: पटना के कंकड़बाग थाना क्षेत्र के न्यू बाइपास स्थित जगनपुरा मोड़ पर शनिवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नशे में धुत एक थार चालक ने ट्रैफिक पुलिसकर्मी को कुचलने का प्रयास किया. हालांकि पुलिसकर्मी समय रहते कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहा. घटना के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए थार को घेर लिया और लाठी बरसाकर उसे रोक दिया. इस दौरान वाहन का शीशा भी टूट गया. पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर वाहन जब्त कर लिया.

पुलिसकर्मी को देखकर बढ़ा दी गाड़ी की रफ्तार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, थार चालक जगनपुरा मोड़ पर पहुंचा था, जहां ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने उसे जांच के लिए रुकने का इशारा किया. लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी. तेज रफ्तार वाहन को अपनी ओर आता देख पुलिसकर्मी ने तुरंत छलांग लगाकर अपनी जान बचाई. इसके बाद अन्य ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन को चारों तरफ से घेर लिया.

लाठी से रोका गया वाहन, चालक गिरफ्तार

पुलिस ने थार को रोकने के लिए वाहन पर लगातार लाठियां बरसाईं, जिससे उसके शीशे टूट गए. आखिरकार चालक को वाहन रोकना पड़ा. इसके बाद पुलिस ने उसे बाहर निकालकर हिरासत में ले लिया. इस दौरान चालक और पुलिसकर्मियों के बीच हल्की धक्का-मुक्की भी हुई, जिसमें चालक को मामूली चोटें आईं. पुलिस की लाठी लगने से उसके सिर में भी चोट लगी है.

शराब के नशे में था युवक

प्रारंभिक जांच में पता चला कि थार चालक शराब के नशे में था. ट्रैफिक पुलिस ने उसे कंकड़बाग थाना पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और देर रात तक प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चलती रही. चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

घटना के बाद लगा लंबा जाम

घटना के बाद न्यू बाइपास पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे सड़क पर लंबा जाम लग गया. कई देर तक वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही. बाद में पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर यातायात सामान्य कराया.

ALSO READ: पटना जंक्शन से अगवा बंटी की हत्या कर हाइवे किनारे डाला, बारिश के बाद बालू हटने पर मिला शव


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

करुणा तिवारी पत्रकारिता में अपने करियर की शुरुआत Doordarshan Bihar के साथ की. 8 वर्षों तक टीवी और डिजिटल माध्यम में सक्रिय रहने के बाद, वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल, बिहार टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. उन्हें बिहार की राजनीति, ग्राउंड रिपोर्टिंग और सामाजिक मुद्दों में विशेष रुचि है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >