पप्पू यादव बोले- मां समान हैं राबड़ी देवी, उन्हें अपमानित मत करिए, रिशु श्री केस में एक हफ्ते बाद बताएंगे मंत्रियों के नाम

Pappu Yadav On Rabri Devi Bungalow Row: राबड़ी देवी को बंगला खाली करने के नोटिस पर सियासत तेज हो गई है. पप्पू यादव ने लालू परिवार का समर्थन करते हुए सरकार पर निशाना साधा है. वहीं रिशु श्री मामले में भी उन्होंने कई बड़े खुलासे किए हैं.

Pappu Yadav On Rabri Devi Bungalow Row: बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को 20 साल से अधिक समय से आवंटित सरकारी आवास खाली करने के आदेश के बाद सियासत गरमा गई है. भवन निर्माण विभाग की ओर से जारी नोटिस के खिलाफ अब पूर्णिया सांसद पप्पू यादव खुलकर लालू परिवार के समर्थन में उतर आए हैं.

पप्पू यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से अपील करते हुए कहा कि जिस मंत्री को यह आवास आवंटित किया गया है, उन्हें कोई दूसरा सरकारी आवास दे दिया जाए. उन्होंने कहा कि राबड़ी देवी केवल लालू परिवार की नहीं, बल्कि पूरे बिहार के लिए मां के समान हैं. ऐसे में उन्हें अपमानित करने जैसी कार्रवाई नहीं होनी चाहिए.

‘अहंकार छोड़ दीजिए, कल आप भी भूतपूर्व होंगे’

पप्पू यादव ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता स्थायी नहीं होती. उन्होंने कहा कि आज जो लोग सत्ता में हैं, कल वे भी पूर्व पदाधिकारी बन जाएंगे. इसलिए बदले की राजनीति से बचना चाहिए. उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में राजनीति का स्तर काफी नीचे चला गया है और राजनीतिक प्रतिशोध की भावना लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है.

रिशु श्री मामले में लगाए गंभीर आरोप

मीडिया से बातचीत के दौरान पप्पू यादव ने चर्चित रिशु श्री मामले को लेकर भी कई गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने दावा किया कि रिशु श्री सिन्हा के पास करीब 15 कंपनियां थीं और इन्हीं कंपनियों के जरिए बड़े पैमाने पर काम लिए गए. पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि मामले में सिर्फ कुछ लोगों को जिम्मेदार ठहराने की कोशिश हो रही है, जबकि इसके पीछे कई प्रभावशाली लोगों की भूमिका की जांच होनी चाहिए.

‘ईडी ने नगर विकास विभाग से मांगा जवाब’

पप्पू यादव ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने नगर विकास विभाग से यह जानकारी मांगी थी कि इन कंपनियों को पिछले वर्षों में कितने टेंडर दिए गए, लेकिन अब तक इस संबंध में स्पष्ट जवाब सामने नहीं आया है. उन्होंने सवाल उठाया कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच हो रही है तो सभी संबंधित लोगों की भूमिका की भी पड़ताल होनी चाहिए.

एक सप्ताह बाद मंत्रियों के नाम बताने का दावा

पूर्णिया सांसद ने दावा किया कि इस पूरे मामले में कई बड़े चेहरे शामिल हैं. हालांकि उन्होंने तत्काल किसी का नाम लेने से इनकार किया, लेकिन कहा कि एक सप्ताह के भीतर वे उन लोगों के नाम सार्वजनिक करेंगे जो इस मामले से जुड़े हुए हैं. उन्होंने यह भी कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी संबंधित विभागों और पूर्व मंत्रियों से सवाल पूछे जाने चाहिए.

स्पीडी ट्रायल के लिए कोर्ट जाने की चेतावनी

पप्पू यादव ने कहा कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष और तेज सुनवाई सुनिश्चित करने के लिए वह अदालत का दरवाजा खटखटाएंगे. जरूरत पड़ने पर सुप्रीम कोर्ट तक जाने की भी बात उन्होंने कही. उनका कहना था कि यदि भ्रष्टाचार या अनियमितता हुई है तो जिम्मेदार लोगों को कानून के दायरे में लाया जाना चाहिए.

विपक्ष और लालू परिवार पर भी साधा निशाना

बातचीत के दौरान पप्पू यादव ने बिहार के विपक्षी दलों की भूमिका पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि विपक्ष को जनता के मुद्दों पर अधिक मुखर होना चाहिए. साथ ही उन्होंने लालू परिवार को भी सलाह देते हुए कहा कि सिर्फ राजनीतिक कार्यक्रमों और आयोजनों तक सीमित रहने के बजाय जमीनी लड़ाई को प्राथमिकता देनी चाहिए.

पेपर लीक और कोचिंग माफिया पर भी बरसे

NEET UG समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक के मुद्दे पर भी पप्पू यादव ने सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली में सुधार की जरूरत है और कोचिंग माफिया पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने सवाल उठाया कि यदि प्रश्न पत्र तैयार करने और परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े लोगों पर निगरानी नहीं होगी तो पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकना मुश्किल होगा.

Also Read: MLC चुनाव से पहले नीतीश कुमार ने बुलाई बड़ी बैठक, कई दिग्गज नेताओं की किस्मत पर रहेगी नजर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abhinandan pandey

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >