JDU Meeting: पटना स्थित जेडीयू कार्यालय में आज पार्टी की राज्य परिषद और राष्ट्रीय परिषद की महत्वपूर्ण बैठक शुरू हो गई है है. बैठक को लेकर सुबह से ही नेताओं और कार्यकर्ताओं का पहुंचना शुरू हो गया था. देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधि भी इस बैठक में हिस्सा ले रहे हैं. अनंत सिंह ढाई करोड़ की कार से कार्यालय पहुंचे हैं.
नीतीश कुमार के नाम पर औपचारिक मंजूरी
बैठक का सबसे अहम एजेंडा नीतीश कुमार को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने के फैसले पर औपचारिक मुहर लगाना है. राष्ट्रीय परिषद की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी जाएगी. इसके साथ ही संगठन विस्तार और आगामी राजनीतिक रणनीति पर भी चर्चा होगी.
पहली बार मंच से बोलेंगे निशांत कुमार
आज की बैठक की सबसे बड़ी चर्चा स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को लेकर है. निशांत कुमार पहली बार किसी बड़ी संगठनात्मक बैठक में मौजूद रहेंगे. इतना ही नहीं, वे नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित भी करेंगे. इसे जेडीयू की राजनीति में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है.
संजय झा पहुंचे, अनंत सिंह भी हुए शामिल
जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा बैठक में शामिल होने के लिए पार्टी कार्यालय पहुंच चुके हैं. वहीं बाहुबली विधायक अनंत सिंह भी अपनी डिफेंडर कार से पहुंचे. मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि बैठक में शामिल होने के बाद ही आगे की बात बताएंगे.
अशोक चौधरी ने क्या कहा?
मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर पार्टी के संविधान के तहत परिषद की बैठक आयोजित की जाती है. उन्होंने कहा कि बैठक में संगठन को और मजबूत बनाने पर चर्चा होगी. निशांत कुमार के सवाल पर उन्होंने कहा कि वे भविष्य के नेता हैं और आने वाले समय में उन्हें बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है.
अलग-अलग सत्रों में होगी बैठक
प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा के अनुसार राज्य परिषद और राष्ट्रीय परिषद की बैठक अलग-अलग सत्रों में आयोजित होगी. राज्य परिषद की बैठक सुबह 11:30 बजे शुरू होगी. राष्ट्रीय परिषद की बैठक दोपहर 3 बजे से होगी. इसके बाद खुला अधिवेशन भी आयोजित किया जाएगा. शाम 4:30 बजे पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बैठक में पारित प्रस्तावों की जानकारी देंगे.
संगठन विस्तार पर रहेगा फोकस
जेडीयू नेतृत्व का कहना है कि बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने की रणनीति पर चर्चा होगी. सदस्यता अभियान को गति देने और जनता के बीच पार्टी की पहुंच बढ़ाने के लिए भी रोडमैप तैयार किया जाएगा.
कई दिग्गज नेता करेंगे संबोधित
बैठक को राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, रामनाथ ठाकुर, विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव समेत कई वरिष्ठ नेता संबोधित करेंगे. पार्टी के प्रमुख पदाधिकारी और देशभर से आए प्रतिनिधि भी बैठक में अपने विचार रखेंगे.
