Khan Sir: फैजल खान उर्फ खान सर के पूर्व सहयोगी और टारगेट कोचिंग के डायरेक्टर रहे निखिल सर ने कैमरे के सामने आकर साल 2019 से जुड़े विवाद पर खुलकर अपनी बात रखी है. उन्होंने आरोप लगाया है कि फैजल खान ने दबाव, धमकी और धोखाधड़ी के जरिए उनके कोचिंग संस्थान पर कब्जा कर लिया. निखिल सर का दावा है कि जिस संस्थान को आज खान सर चला रहे हैं, उसकी नींव उनके भरोसे, निवेश और मेहनत से रखी गई थी.
निखिल सर के अनुसार, जब खान सर पटना के मुसल्लहपुर हाट इलाके में आए थे, तब उनकी आर्थिक स्थिति बहुत मजबूत नहीं थी. उन्होंने बताया कि शुरुआत में खान सर वंदना मैम की कोचिंग में पढ़ाते थे, लेकिन वहां विवाद होने के बाद उन्हें संस्थान छोड़ना पड़ा. इसके बाद उन्होंने फैजल खान को अपने कोचिंग संस्थान में पढ़ाने का मौका दिया.
50 रुपये प्रति घंटे से शुरू हुआ था सफर
निखिल सर ने बताया कि शुरुआत में फैजल खान को 50 रुपये प्रति घंटे के हिसाब से भुगतान किया जाता था. बाद में उनकी लोकप्रियता बढ़ी और छात्रों की संख्या में इजाफा हुआ तो दोनों के बीच 70:30 के अनुपात पर समझौता हुआ. छात्रों की बढ़ती संख्या को देखते हुए किसान कोल्ड स्टोरेज के पास बड़ी जगह किराये पर ली गई और कोचिंग का विस्तार किया गया.
उनका कहना है कि इसी दौरान फैजल खान ने लिखित एग्रीमेंट किया था और अब्बा की कसम खाकर भरोसा दिलाया था कि वे कभी धोखा नहीं देंगे और साथ मिलकर काम करेंगे.
लोकप्रियता बढ़ने के बाद बदला व्यवहार
निखिल सर का आरोप है कि जैसे-जैसे फैजल खान की पहचान और लोकप्रियता बढ़ती गई, वैसे-वैसे उनका रवैया भी बदलने लगा. उन्होंने दावा किया कि 2019 के आसपास उन पर लगातार दबाव बनाया जाने लगा. निखिल सर के मुताबिक, उन्हें डराया-धमकाया गया और कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराने का दबाव डाला गया.
उन्होंने आरोप लगाया कि बाद में ऐसे कागजात तैयार किए गए जिनमें कोचिंग संस्थान का मालिकाना हक फैजल खान के नाम दिखाया गया. निखिल सर का कहना है कि उस समय हालात ऐसे थे कि उन्होंने चुप रहना ही बेहतर समझा.
रेंट एग्रीमेंट और बिल होने का दावा
निखिल सर ने कहा कि उनके पास आज भी कई ऐसे दस्तावेज मौजूद हैं जो उनके दावों को साबित कर सकते हैं. उन्होंने बताया कि रेंट एग्रीमेंट, बिजली बिल और अन्य कागजात उनके पास सुरक्षित हैं, जिन्हें जरूरत पड़ने पर कानूनी प्रक्रिया में पेश किया जाएगा. उनका कहना है कि यही दस्तावेज यह साबित करेंगे कि संस्थान की शुरुआत और संचालन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
जान से मारने की धमकियां मिलने का आरोप
निखिल सर ने यह भी दावा किया कि इस पूरे मामले को सार्वजनिक करने के बाद उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं. उन्होंने कहा कि उन्हें और उनके परिवार को लेकर डर का माहौल बनाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में उनके या उनके परिवार के किसी सदस्य के साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो उसकी जिम्मेदारी फैजल खान पर होगी.
निखिल सर ने बताया कि उन्होंने कानूनी सलाह लेना शुरू कर दिया है. वकीलों से बातचीत के बाद वे जल्द ही फैजल खान के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने और अदालत में याचिका दाखिल करने की तैयारी कर रहे हैं.
इसे भी पढ़ें: पटना के प्राइवेट स्कूलों के लिए नया आदेश, 30 जून तक वेबसाइट पर डालनी होगी ये पूरी जानकारी
