पटना में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके वालों ने दहेज हत्या का लगाया आरोप

Patna Dowry Death : पटना जिले के धनरूआ में रविवार को 20 वर्षीय नवविवाहिता पूजा कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मायके पक्ष ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाते हुए पति समेत चार पर FIR दर्ज कराई है.

Patna Dowry Death : पटना जिले के धनरूआ थाना क्षेत्र स्थित गुलरियाबिगहा गांव में रविवार को 20 वर्षीय नवविवाहिता पूजा कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना के बाद मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है. मामले में पति समेत चार लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. घटना के बाद आरोपित परिवार के सभी सदस्य घर छोड़कर फरार हो गए हैं.

पति, सास-ससुर और ननद पर केस दर्ज

मृतका के मायके जहानाबाद जिले के घोसी थाना क्षेत्र के धामापुर गांव निवासी उसके चाचा ने धनरूआ थाना में पति रविरंजन कुमार, ससुर अरविंद कुमार, सास फूलमंती देवी और ननद प्रीति कुमारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है.

दहेज में बाइक और नकद मांगने का आरोप

प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि पूजा की शादी मार्च 2024 में रविरंजन कुमार के साथ हुई थी. शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष बाइक और नकद रुपये की मांग कर रहा था. मांग पूरी नहीं होने पर पूजा को लगातार प्रताड़ित किया जाता था. परिजनों का आरोप है कि रविवार को दहेज की मांग को लेकर उसकी हत्या कर दी गई.

शरीर पर मिले चोट के निशान, हत्या की आशंका

मायके पक्ष का कहना है कि पूजा के शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिले हैं. इससे उन्होंने पीट-पीटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है. घटना की सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग गुलरियाबिगहा पहुंचे और आक्रोश में ससुराल के घर में तोड़फोड़ कर दी.

पुलिस सभी पहलुओं की कर रही जांच

सूचना मिलने पर धनरूआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. इधर, गांव के कुछ लोगों का कहना है कि पूजा घर में कथित तौर पर कुछ गलत गतिविधियों का विरोध करती थी. हालांकि, इस दावे की पुष्टि पुलिस या किसी आधिकारिक स्रोत ने नहीं की है. पुलिस ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

इसे भी पढ़ें: बिहार में 13 से 15 जुलाई तक बारिश, वज्रपात और तेज हवा का अलर्ट, इन इलाकों में ज्यादा दिखेगा असर



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Ajay kumar masaurhi

Published by: Nikhil Anurag

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >