Patna News : बिहटा नगर परिषद के वार्ड 27 के सहवाजपुर बगीचा में डॉ. भीमराव आंबेडकर की नयी प्रतिमा का अनावरण सोमवार को किया जायेगा. दोपहर 12 बजे आयोजित समारोह में प्रतिमा का विधिवत अनावरण होगा. कार्यक्रम को लेकर स्थानीय स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं. नयी प्रतिमा के अनावरण को लेकर ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है.
10 अगस्त की रात क्षतिग्रस्त हुई थी प्रतिमा
गौरतलब है कि 10 अगस्त की रात अज्ञात लोगों ने सहवाजपुर बगीचा में स्थापित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया था. घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया था. लोगों ने घटना की निंदा करते हुए दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी. मामले की सूचना बिहटा पुलिस को भी दी गयी थी.
ग्रामीणों और माले नेताओं की पहल पर स्थापित हुई नयी प्रतिमा
घटना के बाद स्थानीय लोगों और भाकपा-माले नेताओं की पहल पर क्षतिग्रस्त प्रतिमा के स्थान पर नयी प्रतिमा स्थापित की गयी. भाकपा-माले नेता सुरेंद्र प्रसाद यादव और संतोष सिंह ने बताया कि सोमवार को नयी प्रतिमा का अनावरण समारोह आयोजित किया जायेगा. कार्यक्रम में स्थानीय ग्रामीणों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है.
अनावरण समारोह की तैयारी में जुटे ग्रामीण
कार्यक्रम को लेकर ग्रामीणों ने स्थल की साफ-सफाई, सजावट और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया. संतोष राम, चांदेव राम, गुड्डू राम, अमरजीत राम समेत कई ग्रामीण तैयारी में जुटे रहे.
नयी प्रतिमा के अनावरण को लेकर सहवाजपुर बगीचा में उत्साह का माहौल है. ग्रामीणों का कहना है कि प्रतिमा का अनावरण सामाजिक एकता और बाबा साहेब के विचारों के प्रति सम्मान का प्रतीक होगा.
