Bihar Student Arrest: 'ये क्या बात हुई कि तेज प्रताप यादव को जेल से छोड़ दिया गया और बाकी सब को नहीं छोड़ा जाएगा. यहां वीआईपी कल्चर चल रहा है. अगर तेज प्रताप को छोड़ा गया तो सभी छात्रों को रिहा करना चाहिए.' यह बात बेऊर जेल के बाहर एक छात्र ने कही, जो अपने दोस्त के जेल से बाहर आने का इंतजार कर रहा था.
बिहार सरकार के नोटिस के बाद तेज प्रताप रिहा
बिहार सरकार की तरफ से जारी नोटिस के बाद जेजेडी सुप्रीमो तेज प्रताप यादव को जेल से रिहा कर दिया गया. उनके अलावा चार अन्य छात्रों को भी छोड़ कर दिया गया है. इन सभी के जमानत के कागजात मंगलवार की देर शाम बेऊर जेल प्रशासन के पास पहुंचे और फिर उन्हें आवश्यक कागजी प्रक्रिया करने के बाद रिहा कर दिया गया. बेऊर जेल अधीक्षक ने तेजप्रताप यादव सहित पांच को रिहा करने की पुष्टि की.
बेऊर जेल के बाहर मौजूद छात्रों ने क्या कहा?
जानकारी के मुताबिक, पहले 13 छात्रों को जेल से रिहा करने की खबर थी. कहा गया था कि इन 13 छात्रों की परीक्षा होने की वजह से जेल से रिहा किया जाएगा. लेकिन सिर्फ 4 छात्रों को रिहा किया गया. साथ ही तेज प्रताप यादव को भी छोड़ दिया गया. बेऊर जेल के बाहर कई छात्र मौजूद थे जो अपने दोस्त के बाहर आने का इंतजार कर रहे थे.
उन्हीं में से एक छात्र अपने दोस्त की रिहाई नहीं होने पर भड़क गया. उसने तेज प्रताप यादव को स्पेशल ट्रीटमेंट देने की बात कही. एक छात्र ने कहा, तेज प्रताप, लालू प्रसाद के बेटे हैं, इसलिए उन्हें पहले छोड़ दिया गया. बाकी छात्रों को नहीं छोड़ा गया. छात्र ने इस दौरान बताया कि किसे छोड़ा जाएगा किसे नहीं, यह अब तक क्लियर नहीं है. मेरे दोस्त को एग्जाम देने जाना है, ऐसे में कोई भी पुलिसकर्मी बात सुनने तक के लिए नहीं हैं.
तेज प्रताप पर लगाए गए थे ये आरोप
तेज प्रताप यादव के खिलाफ गांधी मैदान थाने में केस दर्ज किया गया था, जिसमें उन पर दंगा कराने और अन्य गंभीर आरोप लगाए गए थे. इसके बाद तेज प्रताप को बीते शनिवार को फ्रेजर रोड के सेंट्रल मॉल से हिरासत में ले लिया गया था और देर रात बेऊर जेल भेज दिया गया था.
इसके बाद सरकार ने प्रदर्शन के दौरान तमाम प्राथमिकी को रद्द करने का फैसला ले लिया. साथ ही तेजप्रताप यादव की ओर से जमानत की अर्जी भी दाखिल की गयी थी. कोर्ट ने तेज प्रताप की जमानत याचिका को मंजूर कर ली. इसके बाद जमानत से संबंधित कागजात बेऊर जेल पहुंच गए. इसके बाद जेल प्रशासन ने तेज प्रताप को रिहा कर दिया.
