Patna Crime News: नौबतपुर पुलिस ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए क्षेत्र के कुख्यात और वांछित अपराधी नंदन महतो को अमरपुरा लख के पास से गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी अमरपुरा गांव निवासी सुरेश महतो का पुत्र नंदन महतो है, जो लंबे समय से फरार चल रहा था. हाल ही में बिहटा थाना में दर्ज लूटपाट, जानलेवा हमला और आर्म्स एक्ट के मामले में पुलिस ने उसके घर पर इश्तेहार भी चिपकाया था. इसके बावजूद वह गिरफ्तारी से बचता फिर रहा था.
हत्या, लूट और रंगदारी समेत 10 संगीन मामले हैं दर्ज
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार नंदन महतो का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ पटना जिले के विभिन्न थानों में हत्या, लूट, डकैती, रंगदारी और आर्म्स एक्ट समेत कुल 10 संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं. इनमें नौबतपुर, बिहटा और दुल्हिनबाजार थाने में दर्ज हत्या के चार मामले शामिल हैं. इसके अलावा रंगदारी, जानलेवा हमला और अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े कई मामलों में भी वह आरोपी है. इलाके में उसके नाम का काफी खौफ बताया जाता है.
घर पर चिपकाया गया था इश्तेहार
पुलिस ने हाल ही में बिहटा थाना क्षेत्र में दर्ज एक मामले में कानूनी कार्रवाई करते हुए नंदन महतो के घर पर इश्तेहार चिपकाया था. इसके बाद से उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे अमरपुरा लख के पास से गिरफ्तार कर लिया.
गिरोह और हथियार नेटवर्क की हो रही जांच
गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है. अधिकारियों के अनुसार पूछताछ के दौरान उसके गिरोह के अन्य सदस्यों, आपराधिक गतिविधियों और हथियारों के नेटवर्क से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस का कहना है कि पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी तथा उसके आपराधिक नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे.
