पटना में फुटपाथ पर मिला अधेड़ का शव, रस्सी से गला दबाकर हत्या की आशंका, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

Patna Crime : राजधानी पटना में गुरुवार सुबह हार्डिंग रोड पर एक अधेड़ व्यक्ति का शव फुटपाथ पर मिला, जिससे सनसनी फैल गई. प्रथम दृष्टया गले पर मिले निशान हत्या की ओर इशारा कर रहे हैं. पुलिस शव की पहचान और मामले की जांच में जुटी हुई है.

Patna Crime : राजधानी पटना के सचिवालय थाना क्षेत्र स्थित हार्डिंग रोड पर गुरुवार सुबह एक 45 वर्षीय अधेड़ का शव फुटपाथ पर मिलने से सनसनी फैल गई. प्रथम दृष्टया गले पर मिले निशान के आधार पर पुलिस रस्सी से गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जता रही है. शव की पहचान अब तक नहीं हो सकी है.

फुटपाथ पर इस तरह रखा था शव, लोग समझते रहे सो रहा है

पुलिस के अनुसार मृतक ने नीले रंग की शर्ट और काले रंग की पैंट पहन रखी थी. उसका शव फुटपाथ पर औंधे मुंह इस तरह रखा गया था कि देखने वालों को लगा कि कोई व्यक्ति सो रहा है. काफी देर बाद एक राहगीर ने पास जाकर देखा तो वह मृत मिला. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही सचिवालय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

गले पर मिला निशान, हत्या की ओर इशारा

घटनास्थल की जांच के लिए एफएसएल टीम भी पहुंची और जरूरी साक्ष्य एकत्र किए. सचिवालय थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक के गले पर स्पष्ट निशान मिले हैं, जो प्रथम दृष्टया हत्या की ओर संकेत करते हैं. हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस का मानना है कि अधेड़ की हत्या कहीं और की गई और बाद में शव को हार्डिंग रोड स्थित फुटपाथ पर लाकर छोड़ दिया गया. मामले की जांच के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. साथ ही मृतक की पहचान के लिए उसका फोटो विभिन्न थाना क्षेत्रों में भेजा गया है.

पहले भी मिले हैं लावारिस शव

गौरतलब है कि हाल के दिनों में गर्दनीबाग थाना क्षेत्र में भी एक अज्ञात शव बरामद हुआ था, जिसकी अब तक पहचान नहीं हो सकी है. इसके अलावा एक कार के अंदर चालक का शव भी मिला था. पुलिस का मानना है कि रात के समय सुनसान रहने वाले इन इलाकों का फायदा उठाकर बदमाश हत्या के बाद शव फेंककर फरार हो रहे हैं.

ALSO READ: पटना: काम दिलाने का झांसा देकर राजस्थान में महिला और दो बेटियों को बेचा, गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Nitish kumar

Published by: Nikhil Anurag

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >