Maner News: पटना के मनेर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां काम पर जाने का बहाना बनाकर घर से निकली दो बच्चों की मां अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई. दो बेटियों की मां के अचानक इस तरह लापता हो जाने से परिजनों में हड़कंप मच गया है. मामले को लेकर पीड़ित पति ने मनेर थाने में पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस से पत्नी की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है. पुलिस की टेक्निकल टीम मामले की छानबीन और महिला की तलाश में जुट गई है.
हर रोज दानापुर में रसोइया का काम करने जाती थी महिला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मनेर के एक गांव की रहने वाली 45 वर्षीय महिला रोजाना की तरह दानापुर क्षेत्र में घरों में रसोइया का काम करने के लिए जाती थी. दो दिन पूर्व वह अपने परिवार से दानापुर काम पर जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी. जब महिला अपने घर नहीं पहुंची, तो परेशान पति ने दानापुर स्थित उसके काम करने के स्थानों पर काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला.
बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल, पति ने जताई प्रेम-प्रसंग की आशंका
महिला के इस कदम से उसकी दोनों बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में इस घटना की चर्चा जोरों पर है. परेशान पति ने मनेर थाने में दी गई अपनी शिकायत में बताया कि उसकी पत्नी का काफी समय से एक युवक के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था. पति का आरोप है कि उसकी पत्नी अपने दोनों बच्चों और पूरे परिवार को छोड़कर उसी प्रेमी के साथ कहीं चली गई है.
मनेर पुलिस और टेक्निकल टीम मामले की जांच में जुटी
मामले के संबंध में मनेर थाना पुलिस ने बताया कि पीड़ित पति के लिखित आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस की टेक्निकल टीम मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी माध्यमों के सहयोग से महिला और उसके प्रेमी का सुराग लगाने का प्रयास कर रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही महिला को बरामद कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Also Read: पटना: हीरा इंक्लेव बेसमेंट से युवक का शव बरामद, 4 दिन से लापता सोनू उर्फ शुक्ला की संदिग्ध मौत
