15 दिन से ट्रांसफार्मर जला, अंधेरे में मधुबन गांव, बिजली कार्यालय पहुंच ग्रामीणों ने जताया रोष

मधुबन गांव में पिछले 15 दिनों से जला ट्रांसफार्मर एक गंभीर बिजली संकट का कारण बन गया है। इससे न केवल अंधेरा छाया हुआ है, बल्कि पेयजल की आपूर्ति भी ठप पड़ गई है। ग्रामीण पानी के लिए तरस रहे हैं और विभाग से जल्द समाधान की उम्मीद कर रहे हैं।

Patna News : मसौढ़ी. धनरूआ प्रखंड की पथरहट पंचायत के मधुबन गांव में पिछले 15 दिनों से ट्रांसफार्मर जला पड़ा है. इसके कारण गांव में बिजली आपूर्ति बाधित है. बिजली नहीं रहने से पेयजल संकट भी गहरा गया है. बोरिंग और चापाकल नहीं चलने के कारण ग्रामीणों को पानी के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है.

15 दिनों से बिजली संकट झेल रहे ग्रामीण

समस्या से परेशान दर्जनों महिला-पुरुष ग्रामीण बुधवार को मसौढ़ी स्थित विद्युत अवर प्रमंडल कार्यालय पहुंचे और पदाधिकारियों के समक्ष अपनी समस्या रखी. ग्रामीणों ने जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग करते हुए विभाग को ज्ञापन सौंपा. ग्रामीणों का कहना था कि 15 दिनों से बिजली संकट झेलने के बावजूद ट्रांसफार्मर बदलने की दिशा में अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गयी है.

गुरुवार को ट्रांसफार्मर बदलने का आश्वासन

विद्युत आपूर्ति शाखा के सहायक अभियंता ने बताया कि ट्रांसफार्मर का एक फेज जल गया था, जिसके कारण दो फेज से ही बिजली आपूर्ति हो रही थी. ग्रामीणों को आश्वस्त किया गया है कि गुरुवार को ट्रांसफार्मर बदल दिया जायेगा.

कई बार दी गयी सूचना, नहीं हुई कार्रवाई

इधर, पथरहट पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि दीपक कुमार ने बताया कि ट्रांसफार्मर जलने की सूचना स्थानीय कर्मचारियों और विभागीय पदाधिकारियों को कई बार दी गयी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई. इससे ग्रामीणों में आक्रोश था. मजबूर होकर ग्रामीणों को विभागीय कार्यालय पहुंचकर अपनी समस्या बतानी पड़ी.

आंदोलन की दी चेतावनी

मौके पर पूनम देवी, कंचन देवी, रेखा देवी, मुखिया प्रतिनिधि दीपक कुमार, पंकज कुमार, फूलन यादव समेत कई ग्रामीण मौजूद थे. ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अजय कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >