राबड़ी के नए बंगले का काम अधूरा, निजी आवास पर शिफ्ट हो रहा सामान, कुछ दिनों के लिए यहां रह सकता है लालू परिवार

Rabri Devi Bungalow Row: राबड़ी देवी के सरकारी आवास बदलने की तैयारी अंतिम चरण में है. इस बीच लालू परिवार के नए ठिकाने को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं. वहीं, नए सरकारी आवास का निर्माण कार्य अभी पूरी तरह पूरा नहीं होने से शिफ्टिंग को लेकर कई सवाल बने हुए हैं.

Rabri Devi Bungalow Row: राबड़ी देवी को 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी बंगला 29 जून तक खाली करना है. इसी को लेकर शिफ्टिंग का काम तेज हो गया है. बंगले से लगातार सामान बाहर निकाला जा रहा है. मिली जानकारी के अनुसार, लालू परिवार का नया ठिकाना फिलहाल कौटिल्य नगर हो सकता है. सामने आई तस्वीरों में 10 सर्कुलर रोड से फर्नीचर, एसी और अन्य घरेलू सामान दो छोटे ट्रकों के जरिए कौटिल्य नगर स्थित निजी आवास ले जाते हुए देखा गया है.

फिलहाल पोलो रोड में रह सकता है परिवार

कुछ सूत्रों का दावा है कि लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी कुछ समय के लिए अपने बेटे और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के 1 पोलो रोड स्थित सरकारी आवास में रह सकते हैं. हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

नया सरकारी आवास अभी पूरी तरह तैयार नहीं

सरकार ने राबड़ी देवी को 39 हार्डिंग रोड स्थित नया सरकारी आवास आवंटित किया है. लेकिन वहां अभी निर्माण कार्य पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है. जानकारी के अनुसार, करीब 70 फीसदी काम ही पूरा हुआ है.

तेजी से चल रहा निर्माण

नए आवास में 50 से अधिक मजदूर काम कर रहे हैं. हॉल में पेंटिंग बाकी है. फर्नीचर लगाने, कमरों में एसी फिट करने, साफ-सफाई और मुख्य गेटों की पेंटिंग का काम भी अभी पूरा नहीं हुआ है.

सरकारी सामान की मांगी पूरी सूची

बंगला खाली करने से पहले राबड़ी देवी के सहायक ने भवन निर्माण विभाग को पत्र लिखा है. इसमें 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास का चार्ज रजिस्टर और विभाग की ओर से उपलब्ध कराए गए सभी सरकारी सामान की सूची मांगी गई है.

विवाद से बचने की तैयारी

पत्र में कहा गया है कि आवास खाली करते समय सरकारी सामान का सही मिलान हो सके. इससे भविष्य में किसी तरह का विवाद या भ्रम पैदा नहीं होगा. जानकारी के अनुसार, यह कदम इसलिए उठाया गया है ताकि बाद में सरकारी सामान साथ ले जाने जैसा कोई आरोप न लगे.

बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें

चौथा नोटिस भी भेज चुका है विभाग

भवन निर्माण विभाग राबड़ी देवी को बंगला खाली करने के लिए चौथा नोटिस भेज चुका है. इसमें 29 जून तक सरकारी आवास खाली करने का अंतिम समय दिया गया है.

CCTV भी हटाए गए

शिफ्टिंग प्रक्रिया के तहत 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास से सीसीटीवी कैमरे भी हटाए जा चुके हैं. वहीं, पैकिंग का काम लगातार जारी है. हालांकि, लालू परिवार 39 हार्डिंग रोड स्थित नए आवास में कब शिफ्ट होगा, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है.

Also Read: बंगला खाली करने से पहले राबड़ी देवी ने सरकार से मांगी सरकारी सामान की पूरी लिस्ट, जानिए क्यों उठाया यह कदम

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abhinandan pandey

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >