Patna News : मनेर वैश्य धर्मशाला के प्रांगण में मंगलवार को पटना स्नातक चुनाव को लेकर एनडीए कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जदयू नेता सह विधान पार्षद नीरज कुमार ने कहा कि बिहार में पहले आपदा का मतलब राजकोष के खजाने को लूटना था, लेकिन आज सरकार आपदा की स्थिति में जनता और किसानों के नुकसान की भरपाई के लिए काम कर रही है.
बाढ़ से पहले सरकार करती है तैयारी
नीरज कुमार ने कहा कि बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने से पहले ही सरकार की बैठक होती है. किसान और आम लोगों को होने वाले नुकसान की भरपाई के लिए हर स्तर पर काम किया जाता है. उन्होंने कहा कि कार्यालयों में कर्मियों की नियुक्ति से लेकर पंचायतों में स्कूल खोलने और शिक्षकों की बहाली तक कई काम बिना आम लोगों पर अतिरिक्त बोझ डाले किए गए हैं.
कानून का राज जाति-धर्म से ऊपर
उन्होंने कहा कि बिहार में सामाजिक परिवर्तन हुआ है. पहले लोग इंसास और एके-47 के नाम से डरते थे, लेकिन आज कानून का राज स्थापित है. उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार में 50 प्रतिशत बेटियां नौकरियों में हैं और महिलाएं अपराधियों से मुकाबला करने के लिए झांसी की रानी की तरह तैयार हैं.
दलित समुदाय के सम्मान को बताया सामाजिक बदलाव
नीरज कुमार ने कहा कि पहले दलितों के साथ अच्छा व्यवहार नहीं होता था, लेकिन आज पंचायत मुख्यालयों में दलित समुदाय के लोग गर्व के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहरा रहे हैं और बड़े पदाधिकारी मौके पर खड़े होकर तिरंगे को सलामी देते हैं. उन्होंने इसे नीतीश कुमार के नेतृत्व में हुए सामाजिक परिवर्तन का उदाहरण बताया.
मनेर में 37 करोड़ से कराया गया कटावरोधी कार्य
विधान पार्षद ने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार में सामाजिक बदलाव और कानून का राज स्थापित किया है, जिसे वर्तमान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आगे बढ़ा रहे हैं. उन्होंने मनेर में 37 करोड़ रुपये की लागत से कराए गए कटावरोधी कार्य का भी उल्लेख किया. कार्यक्रम की अध्यक्षता जदयू प्रखंड अध्यक्ष रजनीश कुमार ने की, जबकि संचालन भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष दीपक सोनी ने किया.
संवाद कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
मौके पर विधान पार्षद रवींद्र सिंह, पूर्व विधायक प्रो. सूर्यदेव त्यागी, जदयू जिलाध्यक्ष अशोक सिंह, भाजपा नेता राजकुमार शर्मा, भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष अनिल सिंह, पूर्व मुखिया जयप्रकाश शर्मा, राधेश्याम सिंह, रवींद्र सौंडिक, प्रशांत निराला, धीरज शर्मा, कन्हैया मालाकार, मनोज गुप्ता, द्वारिका प्रसाद चंद्रवंशी, राकेश कुमार, रवि रौशन पाठक, विकास कुमार, शशि भूषण पांडेय, विजय सिंह सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे.
