पटना में चार युवकों की मौत के मामले में मुख्य आरोपी लाली कुमार धराया, जांच जारी

बाढ़ में आपसी रंजिश के चलते चार दोस्तों की जहर देकर हत्या के मामले में पुलिस ने शराब सप्लायर और कीटनाशक कारोबारी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है।

Barh Four Friends Dies During Non-Veg Party : पटना जिले के बेढ़ना गांव में शराब पीने के बाद चार युवकों की मौत के मामले में पुलिस ने दो दिनों के भीतर चार लोगों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गये आरोपितों में घटनास्थल से फरार हुआ मुख्य आरोपी लाली कुमार भी शामिल है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुरुआती जांच में घटना के पीछे आपसी रंजिश की बात सामने आयी है. हालांकि गांव में चर्चा है कि पुराने हत्याकांड के मुकदमे में गवाही को लेकर चारों की हत्या की साजिश रची गयी थी. इसकी पुलिस स्तर से पुष्टि नहीं हुई है.

मछली-रोटी खाने के बाद दोस्तों ने पी थी शराब

बताया जाता है कि रविवार को चारों दोस्त मछली-रोटी की पार्टी में शामिल हुए थे. आरोप है कि शराब की बोतल में कथित तौर पर कीटनाशक मिला दिया गया था. शराब पीने के कुछ देर बाद चारों युवक अचेत होकर गिर पड़े. इलाज के लिए ले जाने के दौरान शशि कुमार, विकास राम, पंकज सिंह और निशु राज की मौत हो गयी.

निशु के पिता के बयान पर दर्ज हुआ केस

घटना को लेकर निशु राज के पिता राजीव कुमार के बयान पर पुलिस ने साजिश के तहत जहर देकर हत्या करने का मामला दर्ज किया है. प्राथमिकी में बताया गया है कि मछली पार्टी के दौरान शराब पीने के बाद यह घटना हुई. शराब में कथित तौर पर जहरीला पदार्थ मिलाये जाने की आशंका जतायी गयी है.

शव के अंतिम संस्कार के दौरान पकड़ा गया लाली

घटना के बाद लाली कुमार मौके से फरार हो गया था. पुलिस ने शव के अंतिम संस्कार के दौरान उमानाथ घाट के पास उसे पकड़ लिया. पूछताछ में पुलिस को आपसी रंजिश में जहर देने की बात सामने आने की जानकारी मिली है.

शराब-कीटनाशक उपलब्ध कराने के आरोप में ये धराए

पुलिस ने शराब की सप्लाई करने और कथित तौर पर कीटनाशक दवा उपलब्ध कराने के आरोप में भी लोगों को गिरफ्तार किया है. मामले में रुदल कुमार, गोलू कुमार मलाही, लाली कुमार और बिल्ला बेढ़ना को पकड़ा गया है.

पुलिस ने जांच जारी होने की कही बात

फिलहाल पुलिस ने पूरे मामले को लेकर विस्तृत जानकारी देने से इनकार किया है. डीएसपी-2 आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि पूरे मामले की जानकारी ग्रामीण एसपी प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से देंगे. थानाध्यक्ष ब्रजकिशोर सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच चल रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Jaymani kumar barh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >