Dehri EO Murder Case : दानापुर में डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) स्व. विमल कुमार की हत्या के विरोध में शुक्रवार की शाम गोला रोड टी-प्वाइंट स्थित गंगा कुटीर अपार्टमेंट से कैंडल मार्च निकाला गया. उप मुख्य पार्षद प्रतिनिधि राजनाथ जायसवाल उर्फ राजू जायसवाल के नेतृत्व में स्थानीय नागरिकों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोगों ने मार्च निकालकर स्व. विमल कुमार को श्रद्धांजलि दी. प्रदर्शनकारियों ने हत्याकांड में शामिल अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग की.
कैंडल मार्च की शुरुआत स्व. विमल कुमार के आवास गंगा कुटीर अपार्टमेंट से हुई. हाथों में मोमबत्तियां लेकर लोगों ने गोला रोड से संत कैरेंस स्कूल समेत आसपास के इलाकों तक शांतिपूर्ण मार्च निकाला.
आश्रितों को दो करोड़ मुआवजा और सरकारी नौकरी की मांग
इस दौरान राजनाथ जायसवाल ने राज्य में बढ़ते अपराध पर चिंता जताते हुए हत्याकांड के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. उन्होंने स्व. विमल कुमार के आश्रितों को दो करोड़ रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की. साथ ही उनके दोनों बच्चों की उच्च शिक्षा की व्यवस्था करने की मांग सरकार से की.
हत्याकांड के दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग
उन्होंने कहा कि ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है. हत्याकांड के दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कठोर सजा दिलायी जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो. उन्होंने हत्याकांड की साजिश रचने वालों की भी जांच कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की.
दो मिनट का मौन रखकर दी श्रद्धांजलि
कैंडल मार्च स्व. विमल कुमार के आवास के समीप पहुंचकर श्रद्धांजलि सभा में तब्दील हो गया. उपस्थित लोगों ने उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा और ईश्वर से प्रार्थना की. वक्ताओं ने पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता देने के साथ एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग भी दोहरायी. कैंडल मार्च में राजीव रंजन, वकील यादव समेत बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए. सभी ने एक स्वर में हत्याकांड के दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की.
